महराजगंज ( कमलेश प्रजापति ,संवाददाता ) : महराजगंज जनपद के लक्ष्मीपुर खुर्द क्षेत्र में झरही नदी पर बन रहा पुल दर्जनों गांवों के लिए बड़ी राहत और विकास की नई उम्मीद लेकर आया है। वर्षों से आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब जल्द ही सुगम और सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा। लगभग 27 मीटर लंबे और 8.5 मीटर चौड़े इस पुल का निर्माण 1 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे क्षेत्रीय लोगों में उत्साह का माहौल है। पुल के बन जाने से नौतनवा और सिसवा विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी। रमगढ़वा, भरगाई, मोहनापुर, गणेशपुर, अमहवा, लक्ष्मीपुर, सागरहवा, निविहअवा सहित रामनगर, अराजी बैरिया, किशुनपुर, सड़कहवा, ठूठीबारी और धर्मौली जैसे गांवों के हजारों लोग सीधे लाभान्वित होंगे।
बरसात के दिनों में नदी के उफान के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था, जिससे खासकर स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी दिक्कत होती थी। पुल बनने के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी और शिक्षा, स्वास्थ्य व व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
जूनियर इंजीनियर इम्तियाज अली के अनुसार, मार्च 2027 तक पुल निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी।





