मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेंगलुरु भ्रमण के दौरान विकसित उत्तर प्रदेश के विजन को वैश्विक टेक्नोलॉजी और निवेश जगत के साथ जोड़ने की दिशा में गूगल क्लाउड के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सी0टी0ओ0) श्री तरुण पंत और उनकी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। राउण्ड टेबल बैठकों और रोड शो से पहले आयोजित इस संवाद में मुख्यमंत्री जी ने आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने, स्टार्ट-अप संस्कृति को मजबूत करने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एम0एस0एम0ई0) को नई टेक्नोलॉजी से जोड़ने सम्बन्धी राज्य सरकार के विजन को विस्तार से साझा किया।
बैठक के दौरान सी0टी0ओ0 श्री तरुण पंत और गूगल टीम के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए0आई0), क्लाउड टेक्नोलॉजी, डिजिटल गवर्नेंस और डेटा आधारित समाधानों के माध्यम से विकास कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री जी ने गूगल की टीम के साथ इस बात पर भी विचार-विमर्श किया कि टेक्नोलॉजी के माध्यम से सरकारी सेवाओं की पहुँच और प्रभावशीलता को कैसे बढ़ाया जा सकता है। किसानों, युवाओं, स्टार्टअप्स, एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए नवाचार आधारित समाधानों पर भी चर्चा हुई।
गूगल टीम के प्रतिनिधियों ने बैठक को अत्यन्त सकारात्मक और सार्थक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश के विकास का स्पष्ट और दूरदर्शी रोडमैप साझा किया है। उन्होंने किसानों, एम0एस0एम0ई0, स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए निर्धारित लक्ष्यों एवं प्राथमिकताओं की जानकारी दी तथा यह भी चर्चा की कि ए0आई0 और आधुनिक टेक्नोलॉजी के माध्यम से इन लक्ष्यों को और तेजी से कैसे हासिल किया जा सकता है। गूगल इण्डिया की ओर से कहा गया कि कम्पनी भारत के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर इन लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के अवसर को लेकर उत्साहित है।
मुख्यमंत्री जी ने बेंगलुरु में देश और दुनिया की अग्रणी निवेश एवं टेक्नोलॉजी कम्पनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी विशेष संवाद किया। इनमें वेस्टब्रिज कैपिटल के मैनेजिंग पार्टनर श्री संदीप सिंघल, एक्सेल पार्टनर्स के श्री प्रशान्त प्रकाश, इनमोबी के संस्थापक श्री पीयूष शाह, यूलू के संस्थापक श्री अमित गुप्ता, एनवीडिया दक्षिण एशिया के प्रबन्ध निदेशक श्री विशाल धूपर, सर्वान ए0आई0 के प्रतिनिधि तथा ब्लैकस्टोन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश, टेक्नोलॉजी, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्ट-अप ईको-सिस्टम और रोजगार सृजन की सम्भावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे इन्फ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशक-अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए राज्य को भविष्य के विकास का प्रमुख केन्द्र बताया।
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश लगातार निवेश, नवाचार और टेक्नोलॉजी आधारित विकास का नया केन्द्र बनकर उभरा है। एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, औद्योगिक गलियारों, डिजिटल सेवाओं और निवेश-अनुकूल नीतियों ने राज्य को देश के सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल कर दिया है। बेंगलुरु में गूगल और वैश्विक निवेशकों के साथ हुए संवाद ने यह संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश अब टेक्नोलॉजी, ए0आई0, स्टार्ट-अप, निवेश और रोजगार सृजन का राष्ट्रीय केन्द्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।



