Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

UP Exit Poll : उत्तर प्रदेश की पहली पसंद बनी भाजपा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में लगातार तीसरी बार विपक्षी खेमे में नया प्रयोग हुआ। यहां पर कोविड से लेकर किसान आंदोलन तक उत्तर प्रदेश को राजनीतिक अखाड़ा भी बनाया गया। सात चरणों के बाद जारी हुए एक्जिट पोल की मानें तो विपक्षी दांव नहीं चल पाया। इसमें सभी सर्वे एजेंसियां भाजपा को बहुमत दे रही हैं। औसतन भाजपा को 403 में से 250 के आसपास सीटें दी गईं। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने भाजपा के 300 पार के दावे को सही होता दिखाया है। फिलहाल हर तरह से यह जीत बहुत बड़ी होगी, क्योंकि उत्तर प्रदेश में अरसे से कोई सरकार दोबारा नहीं जीती है।

उत्तर प्रदेश में 2022 का विधानसभा चुनाव कई रिकार्ड तथा मिथक तोड़ने की ओर है। इसके परिणाम भले ही दस मार्च को आएंगे, लेकिन सोमवार को एक्जिट पोल ने काफी कुछ बयां कर दिया है। उत्तर प्रदेश में अंतिम चरण का मतदान खत्म होते ही आए एक्जिट पोल से आभास होने लगा है कि उत्तर प्रदेश की जनता करीब तीन दशक पुरानी राजनीतिक परंपरा को तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार भाजपा को सत्ता सौंपने को तैयार है।