Breaking गौंडा

Gonda : 10 से 12 लाख कांवड़ियों के स्वागत को तैयार गोंडा, कजरी तीज पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब

गोण्डा ( वीरेन्द्र कुमार,संवाददाता ):  कजरी तीज के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले कांवड़ मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 13 और 14 सितंबर को करीब 10 से 12 लाख कांवड़ियों के सरयू नदी से जल भरकर पौराणिक पृथ्वीनाथ, बरखंडी नाथ और दुःखहरण नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
कांवड़ मेले के मद्देनजर रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। लखनऊ-गोण्डा हाईवे पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। सरयू घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुंभ मेले की तर्ज पर फुटिंग बैरियर, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, खोया-पाया केंद्र, ऑटोमोबाइल टॉयलेट और विश्राम स्थल समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिरों पर भी भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

वहीं, कांवड़ मेले को लेकर जिले की बाजारें भगवा रंग में रंगी नजर आ रही हैं। दुकानों पर भगवा कपड़ों और कांवड़ से जुड़ी सामग्री की बिक्री बढ़ गई है। मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नगर पालिका परिषद करनैलगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल और अधिशासी अधिकारी सुरभि पांडे ने सरयू तट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।