मऊ : उत्तर प्रदेश में दो चरणों के चुनाव और बचे हैं, जिसमें से छठे चरण के लिए प्रचार कल समाप्त हो गया। सातवें और आखिरी चरण के लिए सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। इसी कड़ी में आज कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मऊ में जनसभाओं को संबोधित करने पहुंचीं। मधुबन विधानसभा के इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज के मैदान में प्रियंका ने कहा कि प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या रोजगार की है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। मजदूरों को दिहाड़ी कम मिलने लगी है। किसान को फसल का दाम नहीं मिलता है ऊपर से बिजली का बिल भी बढ़ गया है। जनता को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन हल करने के लिए सरकार कोई बात नहीं करती। बिना किसी का नाम लिए कहा कि पाकिस्तान, चीन और अपराधियों पर बुलडोजर चलाने की बात करने वाले लोग समस्याओं पर बात नहीं करते। कांग्रेस नेता ने कहा कि सीएम योगी मंचों से 70 लाख रोजगार का झूठा आश्वासन देते हैं और केवल जाति व धर्म पर लड़ाते हैं।
