Breaking सोनभद्र

Sonbhadra News : परिवारवादियों ने भारत का अपमान करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी, यह अपमान यूपी का अपमान : PM

सोनभद्र: ऊर्जांचल की धरती से पीएम ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का सामर्थ्‍य है कि यूक्रेन में फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चला रहे हैं। कई हजार नागरिकों को वापस लाया जा चुका है। भारत ने अपने चार मंत्रियों को भेज दिया है। संकट में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए वायुसेना को भी लगाया गया है। देश के लोगों को विश्‍वास दिलाता हूं कि सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। कोरोना वैक्‍सीन पर बोले कि टीका लगवाने के लिए लोगों से जुड़ने पर मुसीबत होती थी। हमारी सेनाओं के पराक्रम पर सवाल उठाते थे। यूपी के लोग क्‍या ऐसे लोगों को वोट दे सकते हैं? भारत का सबसे तेज टीकाकरण अभियान रहा है। 80 करोड़ ना‍गरिकों को मुफ्त राशन दिया गया है। यह आंकड़ा सुनकर दुनिया चौक जाती है।

परिवारवादियों ने भारत का अपमान करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। यह अपमान यूपी का अपमान है। आपके जिले में आकर आपसे आग्रह कर रहा हूं कि आपको इस परिस्थिति में जीने को मजबूर किया है। आपको पीछे रखा, ऐसे लोगों को माफ मत करना। यह लोग देश और आपका भला नहीं कर सकते। सोनभद्र जैसे अनेक जिले हैं जहां अपने खजाने से प्रकृति ने समृद्ध किया। पहले खनिज संपदा को लूटा और अपने हाल पर छोड़ दिया। आज एनडीए सरकार सोनभद्र जैसे जिलों और जनजातीय समाज को पीछे नहीं रहने देगी। सोनभद्र को आकांक्षी जिला अभियान में शामिल किया। बिजली, शौचालय, गैस, शिक्षा और स्‍वास्‍थ्‍य के लिए सोनभद्र और आसपास को प्राथमिकता दी जा रही है। पांच लाख तक मुफ्त इलाज वाला आयुष्‍मान कार्ड भी बनवा रही है।