दिल्ली: शुक्रवार देर रात हुई बारिश के बाद शनिवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम सुहाना हो गया है। यह अलग बता है कि हवाओं के चलते ठंड का एहसास अन्य दिनों की तुलना में अधिक है, लेकिन धूप खिलने से इसका असर दिन में कम हो जाएगा। वहीं, शनिवार देर तक बीच-बीच में बारिश होने के आसार हैं, इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार की तरह ही शनिवार को भी दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शनिवार सुबह से 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली झोंकेदार हवा दिनभर चलेगी, इस दौरान बीच में हल्की बारिश भी होगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम विभाग की ओर से शनिवार के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है।
उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी हो रही है। मैदानी इलाकों में कोहरा छाया हुआ है। उत्तरकाशी के बडकोट में यमुनोत्रीधाम सहित आसपास की चोटियों पर बर्फबारी होने के साथ ही यमुना घाटी में बारिश का मौसम बना हुआ है। ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। प्रदेश के मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देवभूमि में तीन दिन बारिश हो सकती है। मसूरी में हल्की बारिश शुरू हो गई है। जिससे ठंड बढ़ गई है। लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नई टिहरी के आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं। बारिश की संभावना है। चमोली जिले में मौसम खराब हो गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है।




