आगरा : बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती बुधवार को आगरा पहुंचीं। कोठी मीना बाजार मैदान में मंडल स्तरीय चुनावी जनसभा को संबोधित किया। सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय जनसभा में पार्टी अध्यक्ष मायावती ने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। आगरा के कोठी मीना बाजार में लोगों को संबोधित करने की शुरूआत मायावती ने कांग्रेस पर निशाना साध कर की है। मायावती ने कहा कि कांग्रेस गरीबों को लुभाने के लिए नाटक कर रही है। कांग्रेस पार्टी जब सत्ता में होती है तो उन्हें अनुसूचित जाति वर्गों का ध्यान नहीं रहता। आगरा की जनसभा से मायावती की नजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर है। पहले और दूसरे चरण में बसपा की प्रभाव वाली सीटों पर मतदान होना है। इस सभा में आगरा मंडल के सभी 23 बसपा प्रत्याशी मौजूद रहे। आगरा को दलितों की राजधानी भी कहा जाता है। हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा आगरा जिले में एक भी सीट नहीं जीत सकी थी।




