Breaking

जब तक गृहराज्यमंत्री इस्तीफा नहीं देगा, हम लड़ते रहेंगे प्रियंका गांधी की दो टूक

लखीमपुर सीएम योगी और पीएम मोदी पर कई हमले किये। प्रियंका ने दो टूक कहा कि लखीमपुर खीरी मामले में जब तक गृहराज्यमंत्री (अजय मिश्रा) का इस्तीफा नहीं होता, हम लड़ते रहेंगे। प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को ‘आंदोलनजीवी’ और आतंकवादी कहा। योगी जी ने उन्हें गुंडे कहा और उन्हें धमकाने की कोशिश की। वही मंत्री (अजय कुमार मिश्रा) ने कहा कि वह 2 मिनट के भीतर विरोध करने वाले किसानों को सुधार देंगे। प्रियंका ने कहा कि लखीमपुर खीरी में जो हुआ, उसे पूरे देश ने देखा है। गृहराज्यमंत्री के बेटे ने छह किसानों को निर्ममता से कुचल दिया। छह के छह परिवार कहते हैं कि हमें पैसे नहीं चाहिए, मुआवजा नहीं चाहिए, हमें न्याय चाहिए। रैली को संबोधित करने से पहले प्रियंका गांधी ने काशी विश्वनाथ और दुर्गा मंदिर में दर्शन पूजन किया।

अपराधियों को निमंत्रण देकर बुलाया गया

प्रियंका गांधी ने कहा कि न्याय दिलवाने वाली यह सरकार नहीं दिख रही है। पूरी सरकार मंत्री और उनके बेटे को बचाने में लगी रही। पूरा प्रशासन विपक्ष को रोकने में लगा रहा। पीड़ित परिवारों को भी नजरबंद किया गया। अपराधियों को नहीं पकड़ा गया। अपराधियों को निमंत्रण भेजा कि आइये हमसे बात कीजिये। किसी देश में ऐसा हुआ है कि किसी ने छह लोगों को कुचल दिया हो और उसे निमंत्रण दिया गया कि आइये हमसे बात कीजिये। प्रियंका ने कहा कि मुख्यमंत्री उस मंत्री का बचाव कर रहे हैं जिसके बेटे ने इतना जघन्य अपराध किया है।

पीएम मोदी लखनऊ आए लेकिन किसानों के घर दुख बांटने नहीं जा सके। आप आजादी का उत्सव मना रहे हैं, लेकिन आजादी किसने दी। आजादी किसानों के बेटों ने दी है। इस उत्सव का क्या मतलब है। प्रियंका गांधी ने कहा कि इस देश में सिर्फ दो तरह के लोग सुरक्षित हैं। एक भाजपा का नेता और दूसरा उसका खरपति मित्र। इस देश में किसी धर्म का व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। न किसी जाति का व्यक्ति सुरक्षित है। न महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही कोई किसान-दलित सुरक्षित है। इस बात को पहचानिये। पेट्रोल पंपों पर जो बड़ी-बड़ी होर्डिंग लग रही है, उसे पहचानिये। सच्चाई को पहचानिये। आप किस चीज से डर रहे हैं। डरिये नहीं, समय आ गया है। चुनाव की बात नहीं है अब देश की बात है।