
बिकरू कांड में विधि विरुद्ध तरीके से 4 महिलाओं को 10 माह से जेल में रखने सहित महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में गुरुवार को प्रदेश कार्यालय पर धरने पर बैठेंगी आप महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में महिलाओं से दुर्व्यवहार और उनके खिलाफ अपराध की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। बदमाश तो बदमाश, यहां तो सरकार भी महिला उत्पीड़न में लगी हुई है। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को महिलाओं के लिए यातना गृह बना दिया है। बुधवार को आम आदमी पार्टी महिला विंग के प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने ये बातें कहीं। बिकरू कांड में विधि विरुद्ध तरीके से 4 महिलाओं को 10 माह से जेल में रखने सहित योगीराज में बढ़े महिला अपराधों के खिलाफ गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में धरना देने की जानकारी दी।
नीलम यादव ने कहा कि योगीराज में महिलाएं कहीं भी महफूज नहीं रह गई हैं। मोदीपुरम के पल्लवपुरम में कार्रवाई न होने के कारण छेड़छाड़ आहत किशोरी ने आत्महत्या कर ली। मेरठ में छेड़छाड़ का विरोध करने पर शोहदों ने मारपीट की। खरखोदा में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को आरोपियों ने तमंचा लेकर दौड़ा लिया। कानून व्यवस्था की बद से बदतर हालत के कारण आज बेटियां घर से बाहर निकलने में भी डर रही है। उन्हें सुरक्षा दिलाने की कौन कहे,
योगी आदित्यनाथ की सरकार महिलाओं को डराने में जुटी हुई है। बहुचर्चित बिकरु कांड में मारे गए अमर दुबे की नवविवाहिता नाबालिक पत्नी खुशी दुबे सहित चार महिलाएं और एक ढाई साल का बच्चा 10 माह से जेल में बंद है। यह हालत तब है जब खुशी दुबे की गिरफ्तारी के वक्त तत्कालीन एसएसपी ने उसे निर्दोष बताते हुए जल्द उसकी रिहाई होने की बात कही थी। इन महिलाओं का नाम पुलिस की पहली एफ आई आर में भी नहीं है। इसके बाद भी योगी सरकार नफरत और प्रतिशोध की राजनीति में 10 महीने से चार बेगुनाह महिलाओं को जेल में सड़ा रही है। आम आदमी पार्टी इन बेगुनाह महिलाओं की आवाज बनेगी। इसी क्रम में मैं बिकरू कांड की महिलाओं को इंसाफ दिलाने एवं अन्य मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग को लेकर बुधवार को गोमतीनगर स्थित प्रदेश कार्यालय पर धरना दूंगी।



