
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यमंत्री शिव कुमार राठौर का रविवार शाम ह्रदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उनका शव सोमवार सुबह तक आगरा आ जाएगा। अंतिम संस्कार शमसाबाद में होगा।
शिव कुमार राठौर ने राजनीतिक शुरुआत शमसाबाद नगरपालिका से 1989 में निर्विरोध सभासद निर्वाचित होकर की थी। उसके बाद 1995 में पहली बार नगर पालिका के चेयरमैन बने। तब से अभी तक इस पद पर उनका कब्जा रहा। वे तीन बार खुद और पिछले दो कार्यकाल से उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी राठौर चेयरमैन हैं। उन्होंने 2002 में पार्टी के टिकट पर छावनी से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था।
2012 में सपा सरकार बनने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें लघु उद्योग निगम का चेयरमैन बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया था। शिव कुमार राठौर बड़े कारोबारी भी थे। उन्होंने 1990 में शमसाबाद में सलोनी ब्रांड से सरसों के तेल की यूनिट की शुरूआत की थी। बाद में कोटा, अलवर और आगरा में कई प्लांट लगाए। देश भर के बाजारों में सलोनी ब्रांड तेल की हिस्सेदारी उल्लेखनीय है। वे यूपी ऑयल मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष भी थे।
सपाइयों में शोक की लहर
सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन, जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल, महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार, पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा, अभिनव शर्मा, अनिल रावत, ममता टपलू, वीनू महाजन, मदन गर्ग, जेपी यादव, राजपाल यादव, राकेश धनगर, पार्षद सुनील राठौर, रामनरेश यादव ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

