लखनऊ (अमित श्रीवास्तव ,विशेष संवाददाता ): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। 11 दिन से फरार चल रही मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ उसकी बहन और ड्राइवर भी पकड़े गए हैं।

कैसे हुई गिरफ्तारी?
यूपी एसटीएफ और नागपुर क्राइम ब्रांच के जॉइंट ऑपरेशन में सोमवार शाम करीब 4 बजे श्रद्धा दुबे को नागपुर के एक होटल से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक वह अपनी पहचान छुपाने के लिए बुर्का पहनकर सफर कर रही थी और लगातार लोकेशन बदल रही थी।
पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद वह आगरा के ओम पैलेस होटल में फर्जी आईडी से 24 घंटे रुकी थी, जिसके बाद वह नई मारुति सुजुकी डिजायर (New Desire) कार से नागपुर के लिए निकली थी। पुलिस ने इसी नई डिजायर कार को भी बरामद कर लिया है, जिससे वह भाग रही थी।
कौन-कौन गिरफ्तार
इस मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है:
1. श्रद्धा दुबे – मुख्य आरोपी, मॉडल (50 हजार का इनाम)
2. रश्मि दुबे – श्रद्धा की बहन
3. दानिश उर्फ तनवीर – ड्राइवर, जो नई डिजायर कार चला रहा था
क्या है शिवा शर्मा हत्याकांड
बीते 9 अक्टूबर को लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर शिवा शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में श्रद्धा दुबे पर साजिश रचने का आरोप है। घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार थे और पुलिस ने तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

अब क्या होगा
यूपी एसटीएफ तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचेगी, जहां मेडिकल जांच के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।




