Breaking मध्यप्रदेश

Burhanpur (MP) :नवरात्र में शेरू की अनोखी भक्ति! दुर्गा चालीसा और आरती शुरू होते ही मंदिर दौड़कर पहुंच जाता है कुत्ता..

बुरहानपुर (DNM NETWORK): नवरात्र पर्व के दौरान बुरहानपुर जिले के ग्राम घाघरला में आस्था और भक्ति से जुड़ा एक अनोखा नजारा देखने को मिल रहा है। यहां शेरू नाम का एक कुत्ता दुर्गा चालीसा और माता रानी की आरती शुरू होते ही मंदिर पहुंच जाता है। उसकी यह अनोखी आदत ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

आमतौर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ और आराधना करते देखा जाता है, लेकिन घाघरला में शेरू का अंदाज लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, जैसे ही दुर्गा चालीसा या आरती शुरू होती है, शेरू दौड़कर माता रानी के दरबार में पहुंच जाता है और भौंकने लगता है। उसका व्यवहार देखकर ऐसा प्रतीत होता है, मानो वह भी आरती में अपनी आवाज से शामिल हो रहा हो।

मालिक दयाराम ने बताई शेरू की अनोखी आदत

शेरू के मालिक दयाराम बताते हैं कि जैसे ही चालीसा शुरू होती है, शेरू तुरंत मंदिर पहुंच जाता है। उनके अनुसार, पहले जब शंख बजाया जाता था, तब भी शेरू अपनी आवाज निकालने लगता था। आरती पूरी होने के बाद वह अपने आप वापस चला जाता है।

ग्रामीणों के लिए शेरू का यह व्यवहार कौतूहल और आकर्षण का विषय बना हुआ है। नवरात्र के पावन अवसर पर उसकी मौजूदगी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही है।

घाघरला का शेरू बना चर्चा का विषय — बेजुबान जानवर का यह अनोखा व्यवहार लोगों को हैरान कर रहा है और नवरात्र की इस कहानी को खास बना रहा है