उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद गाजियाबाद में आगामी श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत मेरठ तथा सहारनपुर मण्डल के पुलिस प्रशासन तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में मुख्यमंत्री जी ने निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही समस्त सम्बन्धित विभाग अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के मार्गों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया व अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर निरन्तर निगरानी रखी जाए। ऐसे अराजक तत्व, जो अफवाह फैलाने में शामिल पाए जायें, उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएं। समय रहते ही अफवाहों का खण्डन किया जाए। समस्त कांवड़ यात्रा मार्गों पर सी0सी0टी0वी0 कैमरे लगाये जाएं तथा पूरे यात्रा मार्ग की ड्रोन से निगरानी की जाए। सुरक्षा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि मेरठ तथा सहारनपुर के मण्डल आयुक्त लगातार कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते रहें। साथ ही पुलिस प्रशासन तथा जिला प्रशासन स्थानीय स्तर पर तथा अन्य सम्बन्धित राज्यों दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखण्ड के साथ लगातार सम्पर्क में रहते हुए सारी जानकारी आपस में साझा करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि डी0जे0 की आवाज तथा कांवड़ की ऊंचाई मानक के अनुरूप हो, जिससे आने-जाने में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। इसके लिए डी0जे0 संचालकों तथा कांवड़ बनाने वालों के साथ-साथ कांवड़ संघों से भी निरन्तर समन्वय बनायें।
मुख्यमंत्री जी ने पी0डब्ल्यु0डी0 सहित सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के मार्गों को समय से पहले ही गड्ढ़ामुक्त करें तथा रास्ते में आने वाली झाड़ियों की सफाई करवायें। उन्होंने कहा कि मार्गों पर कहीं भी कूड़ा-करकट नहीं रहना चाहिए। कांवड़ यात्रियों के लिए बनाए गए शिविरों में स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, ताजा एवं सात्विक भोजन, शौचालय, पेयजल, बिजली आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की मांस एवं शराब की दुकानें खुली नहीं रहनी चाहिए, इसकी पर्याप्त निगरानी की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि परिवहन विभाग यह सुनिश्चित करे कि कांवड़ यात्रा में चलने वाले कोई भी वाहन चालक नशे की हालात में बसों का संचालन न करें। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि शिविरों के आसपास तथा कांवड़ यात्रा मार्ग पर ट्रांसफॉर्मरों एवं बिजली के तारों का विशेष ध्यान रखें, जिससे कोई अप्रिय घटना न हो। साथ ही, सभी अधिकारी स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करते रहें, जिससे स्थानीय स्तर पर होने वाली समस्या का समय रहते ही निस्तारण किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ियों के स्वागत के लिए सूचना विभाग के साथ समन्वय बनाते हुए होर्डिंग लगायी जाएं तथा शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी कराया जाए, जिससे योजनाओं की जानकारी आम आदमी तक पहुंचे और पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में मेरठ एवं सहारनपुर मण्डल के अधिकारीगण उपस्थित थे।



