लखनऊ

Lucknow : शेरवानी नगर वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में स्वागत सम्मान समारोह संपन्न, जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी मौजूदगी

नगर क्षेत्र के मोहल्ले में शेरवानी नगर वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित स्वागत सम्मान समारोह रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासियों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और सकारात्मक माहौल बना रहा। समारोह का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना तथा विशिष्ट अतिथियों का सम्मान करना रहा।
कार्यक्रम में दानिश आज़ाद अंसारी (राज्य मंत्री, वक्फ बोर्ड), पूर्व मंत्री हीरा सिंह ठाकुर, वक्फ बोर्ड के निदेशक गुलाम मोहम्मद साहब, लखनऊ बार काउंसिल के पूर्व उपाध्यक्ष सौरभ सिंह, राष्ट्रीय पीपुल जस्टिस पार्टी के नेता राशिद जमील तथा शेरवानी नगर की सभासद रश्मि सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक एकता, भाईचारे और जनसेवा की भावना पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद को भी सशक्त बनाते हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम स्थल मरघट ट्रांसफार्मर के पास पूरी तरह सुव्यवस्थित रहा। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। साथ ही समाजहित को ध्यान में रखते हुए लगाए गए निःशुल्क मेडिकल कैंप में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ उठाया।
अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी नगरवासियों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।