उत्तर प्रदेश लखनऊ

53 जिलों में शुरू हुई वोटिंग, सुरक्षा के लिए किए गए पुख्ता इंतजाम।

डीएनएम न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ
डीएनएम न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ

उत्तर प्रदेश के 53 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष का बहुप्रतिक्षित चुनाव आज हो रहा है। 45 जिलों में भाजपा का सपा से सीधा मुकाबला है। वहीं दोनों प्रमुख दल 4 जिलों में त्रिकोणीय और 3 जिलों में चतुष्कोणीय मुकाबले के बीच फंसे हुए हैं। वहीं, कुल 75 में से 21 जिलों में भाजपा और एक में सपा के उम्मीदवार नामांकन वापसी के अंतिम दिन ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। बचे हुए 53 जिलों में आज 11 बजे से चुनाव हो रहे हैं, जिसके बाद दोपहर तीन बजे से मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

 

कासगंज में अबतक 14 ने किया मतदान

कासगंज जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए अभी तक 14 सदस्यों ने मतदान किया है। जिले में कुल 23 सदस्य हैं जिनमें से छह का वोट करना अभी बाकी है। इसके मद्देनजर कलक्ट्रेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

 

बस में सवार होकर पहुंचे सपा समर्थक सदस्य, भाजपाइयों से झड़प

बलिया जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में शनिवार सुबह लगभग 11 बजे निजी बस में सवार होकर सपा समर्थक सदस्य अन्य सदस्यों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। बस के कलेक्ट्रेट पहुंचते ही भाजपा समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसे देख सपाई भी बीच में आ गए। पुलिस ने किसी तरीके से बीच-बचाव कर सदस्यों को अंदर गेट तक पहुंचाया।

 

8 सदस्यों को साथ लेकर पहुंची सपा-रालोद की संयुक्त उम्मीदवार

शामली में सपा-रालोद की संयुक्त उम्मीदवार अंजलि सुबह 11 बजते ही सपा नेता शेर सिंह राणा, रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन के साथ अपने समर्थित सदस्यों को लेकर कलेक्ट्रेट मतदान के लिए पहुंच गई। अंजलि समेत सपा रालोद के पक्ष में 9 सदस्य पहुंचे हैं, लेकिन 11:10 पर भी मतदान शुरू नहीं हो सका, जिसे लेकर सदस्यों ने नाराजगी जताई।

 

कासगंज में मतदान शुरू

कासगंज जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान शुरू हो गया है। यहां समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी समर्थ यादव और भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी रतनेश कश्यप के बीच सीधा मुकाबला है। 23 जिला पंचायत सदस्य अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। कौन अध्यक्ष होगा, इसका फैसला शनिवार की शाम तक हो जाएगा।

 

एटा में सपा-भाजपा के बीच कड़ी टक्कर 

एटा जिले में सपा और भाजपा के बीच कुर्सी का सीधा मुकाबला है। सपा से घोषित प्रत्याशी रेखा यादव के अलावा उनकी पुत्रवधू सोनी यादव भी प्रत्याशी हैं। जबकि भाजपा से घोषित विनीता यादव के अलावा गीता देवी भी प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। तय चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 11 मतदान शुरू हो गया है।

 

बलियाः एक तरफ से भाजपाई तो दूसरी तरफ से लगा सपाइयों का जमावड़ा

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए बलिया में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हो गया है। कुल 58 जिला पंचायत सदस्य अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। मतदान को लेकर के सुबह आठ बजे से ही भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट के भीतर घुसने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनको मुख्य मार्ग पर ही रोक रखा था। मुख्य मार्ग पर एक तरफ भाजपाइयों तो दूसरी तरफ सपाइयों ने डेरा डाल रखा है। किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही।

 

मुजफ्फरनगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मुजफ्फरनगर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में आज मतदान को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में मतदान किया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के वीरपाल निरवाल और विपक्ष के सत्येंद्र बालियान के बीच सीधा मुकाबला है। यहां 43 वोटर मतदान करेंगे। चुनाव को लेकर पुलिस ने प्रकाश चौक, सदर बाजार, मालवीय चौक महावीर चौक की बैरिकेडिंग कर पूरी तरह से घेराबंदी की हुई है। किसी को भी इन रास्तों से आने-जाने की इजाजत नहीं दी गई है। कचहरी के पश्चिम गेट से ही वोटर मतदान करने के लिए आएंगे। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय को सुरक्षा व्यवस्था का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

 

पूर्वांचल के आठ जिलों में चुनाव

जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव आज पूर्वांचल (वाराणसी, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल) के आठ जिलों में भी है। मिर्जापुर, चंदौली, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, भदोही, जौनपुर और सोनभद्र में चुनाव है। जौनपुर और सोनभद्र में अपना दल एस की टक्कर सपा से है। वहीं, वाराणसी और मऊ जिले में भाजपा प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।

 

अंबेडकरनगर में 41 सदस्य करेंगे मतदान

अंबेडकरनगर जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए कलेक्ट्रेट में आज मतदान होगा। यहां से भाजपा प्रत्याशी साधू वर्मा और सपा प्रत्याशी अजीत यादव मुकाबले में आमने-सामने हैं। कुल 41 सदस्य आज 11 बजे से मतदान करेंगे। इसके मद्देनजर कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

 

अमेठी में तैयारियां पूरी

अमेठी जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कुछ ही देर में मतदान शुरू हो जाएगा। अमेठी में भाजपा से राजेश अग्रहरि व सपा से शीलम सिंह प्रयाशी हैं।

डीएनएम न्यूज़ नेटवर्क फ़िरोज़ाबाद
डीएनएम न्यूज़ नेटवर्क फ़िरोज़ाबाद

फिरोजाबाद: मक्खनपुर चौराहे पर भारी भीड़

फिरोजाबाद में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के चलते मक्खनपुर चौराहे पर शनिवार सुबह से ही भारी भीड़ जुटी हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी है।

 

हरदोई में भाजपा-सपा के बीच सीधी टक्कर

हरदोई में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

 

कानपुर में 32 सदस्य करेंगे मतदान

कानपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 32 जिला पंचायत सदस्य सुबह 11 से तीन बजे तक अंग्रेजी में वन और टू लिखकर वरीयता के आधार पर मतदान करेंगे। तीन बजे के बाद मतगणना शुरू होगी। करीब आधे घंटे बाद परिणाम आ जाएगा।

 

भाजपा पर सपा का आरोप

माना जा रहा है कि सब सामान्य रहने पर 53 में से 36 जिलों में सपा भाजपा से आगे है, लेकिन कहीं सपा के बागी तो कहीं निर्दलीय उम्मीदवार पूरा समीकरण बिगाड़ सकते हैं। सपा का कहना है कि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा किया है।

 

आगरा में निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं मंजू भदौरिया

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए आज आगरा को छोड़कर इस जोन के मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज जिले में मतदान होना है। आगरा में भाजपा की मंजू भदौरिया जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। बाकी जिलों में सुबह 11 बजे जिला पंचायत सदस्य मतदान करेंगे। मथुरा में रालोद और भाजपा के बीच टक्कर है, वहीं मैनपुरी, फिरोजाबाद और एटा-कासगंज में भाजपा और सपा के बीच मुकाबला है। चुनाव को लेकर सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।