मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद गोरखपुर में बरगदवा चौराहे से जेल रोड पर नकहा जंगल-मानीराम स्टेशनों के मध्य सम्पार संख्या-5ए पर 152.18 करोड़ रुपये लागत से निर्मित 1,092 मीटर लम्बाई के 4-लेन रेल उपरिगामी सेतु तथा 96.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 605 मीटर लम्बाई के बरगदवा-कौवाबाग जेल बाईपास 4-लेन मार्ग स्थित खजांची चौराहे पर फ्लाईओवर का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर महानगरवासियों को एक नया मार्ग प्राप्त हो रहा है। इससे आवागमन आसान होगा। बरगदवा नकहां ओवर ब्रिज एवं खजांची चौराहे के पास फ्लाईओवर की सौगात हम सभी को प्राप्त हुई है। यह दोनों परियोजनाएं लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हुई हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज से 05 वर्ष पूर्व यह क्षेत्र वीरान था। आज यहां पर फर्टिलाइजर का भव्य कारखाना, सैनिक स्कूल, एस0एस0बी0 एवं सुन्दर चिलुआताल भी है। इसके पास ही राप्तीनगर में आवासीय कालोनी के निर्माण के साथ ही यहां पर उत्सव भवन भी है। इसी क्षेत्र के पास स्थित बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज का एक नया भव्य स्वरूप भी हम सबको देखने को मिल रहा है। पहले इस नकहा रेलवे क्रॉसिंग पर लोगों को घण्टों जाम में फंसना पड़ता था। फ्लाईओवर बन जाने से अब जाम से मुक्ति मिलेगी। फर्टिलाइजर तथा स्पोर्ट्स कॉलेज की तरफ यात्रा सुगम और सरल बनेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम सभी को याद है कि वर्ष 2017 के बाद डबल इंजन सरकार ने विकास यात्रा को आगे बढ़ाया। वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में भय, आतंक, उपद्रव, अराजकता, बीमारी थी तथा दंगे होते थे। तब न बेटी सुरक्षित थी और न व्यापारी सुरक्षित था। उस समय जाति के नाम पर नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता था। प्रदेश के लोगों के पास पहचान का संकट था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में अब समस्या नहीं, बल्कि समाधान पर बात होती है। अब माफिया मच्छर, इंसेफ्लाइटिस नहीं, बल्कि गोरखपुर की वर्ल्ड क्लास सड़कें, एम्स, फर्टिलाइजर, मेडिकल कॉलेज, आयुष विश्वविद्यालय और गीडा में आया निवेश, पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे का लिंक एक्सप्र्रेस-वे आज गोरखपुर की पहचान बन गयी है। आज गोरखपुर नये भारत के नये उत्तर प्रदेश का नया गोरखपुर है। आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से उठकर ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ चुका है। आज उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त प्रदेश बन गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नौजवानों के लिए आजीविका की व्यवस्था की है। डबल इंजन सरकार ने नौजवानों को सरकारी नौकरी के साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये हैं। निवेश का बेहतरीन वातावरण बनाकर प्रदेश में निवेश की एक नई बहार लायी गयी है। उन्होंने कहा कि निवेश तब आता है, जब सुरक्षा का बेहतर माहौल रहता है। निवेश तब आता है, जब अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर होता है और जब स्केल को स्किलिंग में बदला जाता है। विगत वर्षों में उत्तर प्रदेश में 45 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव आया है। यह निवेश उत्तर प्रदेश के 1.5 करोड़ नौजवानां के लिए नौकरी की गारण्टी का दस्तावेज है। प्रदेश के नौजवानों को इसके माध्यम से प्रदेश में ही नौकरी मिल गयी है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में भी गीडा से लेकर धुरियापार तक आज उद्योगां की लम्बी श्रृंखला लग चुकी है। आज यहां के नौजवानों को यहीं पर स्किल डेवलपमेण्ट करते हुए नौकरी व रोजगार की सुविधा प्राप्त हो रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर में 4-लेन की कनेक्टिविटी है। बरगदवा से नकहा, नकहा से स्पोर्ट्स कॉलेज होते हुए मोहद्दीपुर तक तथा एयरपोर्ट से लेकर सोनौली के साथ गोरखपुर से वाराणसी और लखनऊ तक 4-लेन की कनेक्टिविटी है। आज गोरखपुर में पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे से अयोध्या होते हुए लखनऊ मात्र 3.5 घण्टे में पहुंचा जा सकता है। पहले यह दूरी तय करने में 08 से 10 घण्टे लगते थे। आज गोरखपुर से अच्छी कनेक्टिविटी के कारण वाराणसी की दूरी मात्र 2.5 घण्टे में पूरी कर सकते हैं। पहले रामगढ़ताल माफिया और मच्छरों के पनपने का केन्द्र हुआ करता था, किन्तु आज यह गोरखपुर को एक नई पहचान दे रहा है। आज गोरखपुर की पहचान विकास की है और एक नये स्किल मैनपावर के केन्द्र के रूप में है। गोरखपुर एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौजवानों के मन में विकसित भारत की संकल्पना के साथ आगे बढ़ने का जो जज्बा है, उस जज्बे का केन्द्र बिन्दु इस विकास में दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर में जिस प्रकार का इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा किया जा रहा है, वैसा ही इंफ्रास्ट्रक्चर जनपद अयोध्या, लखनऊ कानपुर, प्रयागराज, मीरजापुर, आजमगढ़, वाराणसी, बुन्देलखण्ड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी देखने का मिलता है। विकास का केन्द्र एक जनपद बनकर नहीं रहेगा, बल्कि सरकार समग्र प्रदेश को उस विकास के साथ जोड़ने का कार्य करेगी। विकास की इस प्रक्रिया का उपयोग विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित भारत के अभियान का सारथी बनाने के रूप में करेंगे। विकसित भारत की इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए आज इन दो परियोजनाओं को लेकर आपके बीच में आने का अवसर प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश उपद्रव प्रदेश नहीं, बल्कि उत्सव प्रदेश है। पहले प्रयागराज में माघ मेले में कल्पवासी आते थे, तो इनकी संख्या सीमित होती थी। किन्तु अब मौनी आमवस्या के दिन 4.5 करोड़ श्रद्धालुओं तथा बसंत पंचमी के दिन 3.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में त्रिवेणी तट पर आस्था की डुबकी लगाई। आज वहां पर देश व दुनिया से श्रद्धालु आते हैं, क्योंकि उन्हें मालूम है कि डबल इंजन सरकार उन्हें सुरक्षा और सुविधा देगी। सुरक्षा एवं सुविधा के कारण आज प्रदेश के सभी तीर्थस्थलों जैसे प्रयागराज, काशी, अयोध्या, गोरखपुर, माँ विन्ध्यवासिनी धाम, नैमिषारण्य, ब्रज तीर्थ में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ लगती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकास की इस यात्रा को सुरक्षा के साथ अनवरत बनाये रखने की आवश्यकता है। विकास की प्रक्रिया जब एक साथ आगे बढ़ेगी, तो विकसित भारत की संकल्पना को हम पूरा कर पायेंगे। इससे हमारी आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल होगा। यह पीढ़ी गौरव एवं गरिमा के साथ हमारा स्मरण कर हमारे प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करेगी।



