Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

Lok Sabha Election 2024: नए तेवर और नई रणनीति के साथ उत्तर प्रदेश में तैयार हो रही है कांग्रेस

लखनऊ ( अमित श्रीवास्तव ,संवाददाता ) : कांग्रेस नए तेवर और नई रणनीति के साथ उत्तर प्रदेश में तैयार हो रही है। वह लोकसभा-2024 ही नहीं बल्कि भविष्य की सियासत पर नजर लगाए है। ऐसे में पार्टी ने अपनी रणनीति बदलनी शुरू कर दी है। जल्द ही सक्रिय सदस्यों को बूथ प्रबंधन से लेकर मतदान के समय की सतर्कता के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रदेश में नगर निकाय चुनाव में अपने प्रदर्शन को लेकर उत्साहित कांग्रेस अब लोकसभा चुनाव के लिए पुख्ता रणनीति तैयार कर रही है। किस दल से और कितनी सीटों पर गठबंधन होगा, इसकी परवाह किए बगैर पार्टी सभी 80 सीटों पर तैयारी कर रही है। उसमें भी अपनी प्राथमिकता वाली 27 सीटों पर पार्टी ज्यादा फोकस कर रही है। अल्पसंख्यक नेताओं के कांग्रेस की ओर बढ़ते रुझान को वह अपने लिए सुखद मान रही है। यही वजह है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व परंपरागत ढांचे के साथ ही पार्टी को नया कलेवर देने में भी जुटी है। पार्टी के तमाम केंद्रीय नेताओं की प्रदेश में गतिविधियां इन दिनों तेजी से बढ़ रही है। कांग्रेस की एक सेल प्रदेश कार्यालय में लोकसभा चुनाव के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों को रेखांकित कर रही है। बूथ पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। अभी प्रदेश में करीब पौने दो लाख बूथ हैं। इनकी संख्या बढ़ने की उम्मीद है। कुछ बूथों में बदलाव भी होगा। इस बदलाव पर भी पार्टी निगाह लगाए हुए है। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय सदस्यों को प्रशिक्षण देने की तैयारी चल रही है, ताकि बूथ प्रबंधन में समस्या न हो।