लखनऊ : विधान परिषद की दो रिक्त सीटों के लिए सोमवार को उप चुनाव की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विधान परिषद के चुनाव के लिए वोट डाला। मतदान विधान भवन के तिलक हाल में हो रहा है। जिसमें विधान सभा के सभी 403 निर्वाचित सदस्य दोनों सीटों के लिए अलग-अलग वोट डाल रहे हैं।
मतदान सुबह नौ से शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा। शाम पांच बजे से मतगणना शुरू होगी और उपचुनाव के परिणाम भी सोमवार शाम ही घोषित कर दिये जाएंगे।
भाजपा और सपा ने दोनों सीटों के लिए अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा ने जहां अपने प्रदेश उपाध्यक्षों-पदमसेन चौधरी और मानवेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया है, वहीं सपा ने विधान परिषद के पूर्व सदस्य रामजतन राजभर और लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष रामकरन निर्मल को उम्मीदवार बनाया है। विधानसभा में विभिन्न दलों के संख्या बल के आधार पर उपचुनाव में भाजपा की जीत तय मानी जा रही है।





