गोरखपुर : दिव्यांग सफाईकर्मी विवेक और उनकी पत्नी संध्या की मन्नत मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने पूरी कर मानो उन्हें पूरी दुनिया की खुशी दे दी है। सीएम योगी ने सोमवार सुबह मंदिर परिसर में विवेक की सात माह की बिटिया का अन्नप्राशन कराया और आशीर्वाद दिया तो विवेक की आंखें खुशी से छलक उठीं।
सोमवार सुबह मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ जब जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। एक-एक कर लोगों से मिलते हुए उनकी नजर कुर्सी पर बच्ची को गोद में लिए बैठे दिव्यांग विवेक पर पड़ी। मंदिर परिसर में सेवारत होने से सीएम उसे पहचानते हैं। पूछ पड़े, क्या समस्या है। विवेक ने बच्ची को गोद में लिए ही हाथ जोड़ लिए। उन्हें अपनी मन्नत वाली बात बताई तो मुख्यमंत्री मुस्कुराने लगे फौरन बिटिया को अपनी गोद में उठाकर उसे दुलारने लगे। उधर विवेक घर से खीर बनवाकर लाए थे। मुख्यमंत्री ने बच्ची के मुंह में पहले से लगे निप्पल को निकाला, अपने हाथों से खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया और आशीर्वाद दिया।


