गोरखपुर

Gorakhpur: गृह कलह के कारण सब्जी विक्रेता व उसकी पत्नी और दो बच्चों की जलने से मौत

गोरखपुर(अजित सिंह, संवाददाता ): गोला थाना क्षेत्र के देवकली गांव में शनिवार की देर रात सब्जी विक्रेता, उसकी पत्नी व दो बच्चों की जलने से मौत हो गई। रविवार सुबह कमरे से धुआं उठता देख आसपास के लोग अंदर गए तो चारो का शव एक ही बेड पर पड़ा था। सूचना पर पहुची पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने चारों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव के लोग पारिवारिक कलह की बात कर रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार गांव के 42 वर्षीय इंद्र बहादुर मौर्य बाजार में सब्जी की दुकान लगाते है।गांव के लोगों का कहना है कि उनका पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार की सुबह उनके घर से धुंआ निकल रहा था। अगल बगल के लोगों ने फाटक तोड़कर देखा तो इंद्र बहादुर, उनकी 38 वर्षीय पत्नी सुशीला देवी, 10 वर्षीय पुत्री चांदनी और 8 वर्षीय पुत्र आर्यन का जला हुआ शव एक ही बेड पर पड़ा था। महिला के शरीर पर कई जगह कटने का निशान मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कमरे को देखकर यह लग रहा था कि आग लगने के पूर्व संघर्ष भी हुआ है। कमरे से मिट्टी के तेल की बदबू आ रही थी। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।