लखनऊ : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा विधान परिषद चुनाव में बहुमत के लिए गुंडागर्दी कर रही है। पंचायत चुनाव में भी उन्होंने यही तरीका अपनाया था और अब भी वही कर रहे हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक उनकी मदद कर रहे हैं।अखिलेश यादव बुधवार को समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती पर लखनऊ के लोहिया पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद मीडिया को संबोधित कर रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने हमें संघर्ष करने का आदेश दिया है। हम सड़क से विधानसभा तक जनता के मुद्दे उठाएंगे। भाजपा के लोग गुंडई पर उतर आए हैं और लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। चुनाव बाद पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों पर अखिलेश ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कमाई से होने वाला मुनाफा उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। सरकार कहती है कि कीमतें नियंत्रित करना उसके वश में नहीं है तो चुनाव के पहले कीमतें बढ़ना रुक क्यों गई थी?




