मऊ: उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के प्रयास में लगे अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अपने घोर विरोधी माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में छोटे दलों को साथ लेकर उतरे समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आज मऊ में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशी अब्बास अंसारी के समर्थन में मऊ में सभा के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर बेहद गंभीर आरोप लगाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में जब से समाजवादी पार्टी और छड़ी साथ आई है तभी से सभी विरोधियों के छक्के छूट गए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम लोग गंगा मैया का पानी उठाकर सच बोलने की कसम लेते हैं लेकिन भाजपा के सभी लोग गंगा मैया के पानी में जमकर स्नान करने और उसको छूने के बाद भी झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग तो कसम खाने के बाद भी झूठ बोलते हैं। आजकल तो भाजपा का छोटा नेता छोटा झूठ और बड़ा नेता बड़ा झूठ बोल रहा है।