हरदोई : उत्तर प्रदेश में चौथे चरण के मतदान के लिए प्रचार के अंतिम दिन हरदोई पहुंचे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी को ही निशाने पर रखा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संडीला में गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। उनके साथ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी थे। संडीला ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशी सुनील अर्कवंशी मैदान में हैं। यहां पर 23 फरवरी को मतदान होना है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी को अपनी हकीकत पता चल गई। दूसरे चरण से तो भाजपा वाले नेता सुन्न पड़ गए। तीसरे चरण के मतदान के बाद से तो इनकी भाषा ही बदल गई है। अब चौथे चरण के मतदान के बाद हरदोई वालों के वोट से भाजपा शून्य हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पांचवें, छठे और सातवें चरण के मतदान के दौरान तो इनके बूथों पर भूत नाचेंगे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा से जनता चुनाव लड़ रही है और जनता भाजपा को शून्य करने जा रही है। जनता तो हमको पहले, दूसरे और तीसरे चरण के मतदान में लगातार समर्थन दे रही है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पहली बार ऐसा लग रहा है कि हर चरण में जनता आपस में मुकबाला कर रही है। जनता यह मुकबाला कर रही है कि किस तरण में भाजपा को ज्यादा से ज्यादा वोटों से हराएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और जब से सपा के साथ छड़ी आ गई है, यूपी का माहौल बदल गया है। साइकिल के साथ छड़ी अच्छी लग रही है। पहले, दूसरे और तीसरे चरण में जनता समर्थन दे चुकी है।
