उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पहले चरण में 62.08 प्रतिशत मतदान होने के बाद दूसरे चरण में नौ जिलों के प्रत्याशी घर-घर संपर्क कर इसको बढ़ाने के प्रयास में लगे हैं। चुनाव में दूसरे चरण के लिए शनिवार को शाम छह बजे से प्रचार थमने के बाद रविवार सुबह से प्रत्याशी घर-घर जाकर दस्तक दे रहे हैं। सोमवार को सुबह सात बजे से मतदान होगा। जिसमें पांच मंत्रियों सहित 586 प्रत्याशी की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए दूसरे चरण में सोमवार को नौ जिलों की 55 सीटों के लिए मतदान होगा। इस चरण का प्रचार शनिवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम गया। दूसरे चरण में दो करोड़ से अधिक मतदाता वोटिंग में भाग लेंगे। दूसरे चरण में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली व शाहजहांपुर में मतदान होना है। वर्ष 2017 के चुनाव में इन 55 सीटों में 38 भाजपा, 15 सपा व दो कांग्रेस के पास थीं।
इस चरण में शाहजहांपुर सीट से वित्त मंत्री सुरेश खन्ना चुनाव मैदान में हैं। वह आठ बार चुनाव जीत चुके हैं, नवीं बार विधान सभा पहुंचने के लिए किस्मत आजमा रहे हैं। इनके अलावा बिलासपुर से जलशक्ति राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, बदायूं से नगर विकास राज्य मंत्री महेश चन्द्र गुप्ता, चंदौसी से माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी चुनाव मैदान में हैं। आयुष राज्यमंत्री रहे डा. धर्म सिंह सैनी नकुड़ सीट से सपा के टिकट से चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा पूर्व मंत्री मो. आजम खां रामपुर व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम स्वार सीट से चुनाव मैदान में हैं। आजम जेल से ही चुनाव लड़ रहे हैं। स्वार सीट से भाजपा की सहयोगी अपना दल सोनेलाल से हैदर अली खान उर्फ हमजा मियां मैदान में हैं। वे पूर्व सांसद नूर बानो के पौत्र हैं। संभल से सपा के टिकट से पूर्व मंत्री इकबाल महमूद व अमरोहा से पूर्व मंत्री महबूब अली भी साइकिल चुनाव चिह्न से मैदान में है। हाल ही में सपा में शामिल बरेली कैंट से पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन चुनाव लड़ रही हैं।
