Breaking उत्तर प्रदेश बंदायू

Badaun News : दोबारा सत्‍ता में आई भाजपा तो नहीं बचेगा संविधान :अखिलेश यादव

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सपा अध्‍यक्ष व पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव बदायूं के इस्‍लामनगर पहुंचे। यहां उन्‍होंने सहसवान विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं को संबोधित किया। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा सरकार की खामियां और अपने वादे गिनाए। अखिलेश के निशाने पर मुख्‍य रूप से सीएम योगी ही रहे। उन्‍होंने कहा भाजपा को दोबारा सत्‍ता में आने नहीं देना है। अगर वो फिर आ गए तो संविधान व लोकतंत्र नहीं बचेगा। यह लोकतंत्र को बचाने का चुनाव हैै।

पूर्व सीएम ने कहा कि किसानों की आय कहा दोगुनी हुई। सपा सरकार आने पर युवाओ के लिए भर्ती और रोजगार की व्यवस्था होगी। भाजपा सरकार में किसी को स्मार्ट फोन नहीं मिला। कह रहे हैं लैपटाप बांट दिए लेकिन, किसे मिले यह नहीं पता। दरअसल बाबा मुख्‍यमंत्री लैपटाप इसलिए नहीं बांटते क्‍योंकि वो चलाना ही नहीं जानते। सुनने में आया कि अब वह मोबाइल भी नहीं चला पा रहे। प्रदेश को आगे ले जाने का चुनाव है मजबूत करने का चुनाव है। यह दोबारा सत्ता में आये तो संविधान और लोकतंत्र नहीं बचेगा। यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचने का है। सपा सरकार आने पर 300 यूनिट फ्री बिजली मिलेगी। तीन काले कानून लाये थे, जाने कितने किसान मर गए। किसानों की एकता थी कि उन्हें पीछे हटना पड़ा। एमएसपी नहीं लागू कर रही। धान में लूट हुई। फसल की कीमत नहीं मिल रही। खूब पेपर लीक हुए परीक्षा रद्द कर दीं। सपा सरकार आने पर पुलिस, शिक्षक, फौज और जहां पद खाली हैं उनकी भर्ती निकाली जाएगी।