
लखनऊ. तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना टीकाकरण में महिलाएं पुरुषों की बराबरी नहीं कर पा रही हैं। पुरुषों के मुकाबले महिला टीकाकरण के आंकड़ों में खासा फर्क है। स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में प्रयास में जुट गया है। इसके लिए महिलाओं को टीकाकरण के प्रति जागरुक किया जा रहा है।
यूपी में अब तक 61144959 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इनमें करीब पांच करोड़ 15 लाख 71 हजार 485 लोगों ने वैक्सीन की पहली खुराक ली है। उधर, 9573474 लोग वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके हैं।टीकाकरण में महिलाओं की कम भागीदारी स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बन गया है। बुधवार दोपहर तीन बजे तक तीन करोड़ 42 लाख 53 हजार 409 पुरुषों ने वैक्सीन लगवाई। वहीं महिलाओं की संख्या 26969686 महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई है। महिलाओं की संख्या करीब 71 लाख 83हजार 723 पीछे चल रही है। लखनऊ में अब तक 23,58,815 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसमें 1330206 पुरुष व 1027741 महिलाओं ने वैक्सीन लगवाई।
महिलाओं को किया जा रहा जागरूक
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टीकाकरण के आंकड़ों को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। इसके लिए पिंक बूथ बनाए गए हैं। इसमें सिर्फ महिलाओं का टीकाकरण हो रहा है। अभिभावक बूथ बनाया गया है जिसमें 12 साल से छोटे बच्चों के माता-पिता को बिना पंजीकरण टीका लगाया जा रहा है। महिला स्कूलों में टीकाकरण समेत दूसरे जरूरी कदम भी उठाए जाएंगे। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के मुताबिक महिलाओं को टीकाकरण के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। महिला अस्पतालों में गर्भवती से टीका लगवाने की अपील की जा रही है।
4179 अस्पतालों में लग रही वैक्सीन
टीकाकरण केंद्र बढ़ा जा रहे हैं। सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों की संख्या में इजाफा किया जा रहा है। मौजूदा समय में कुल 4179 टीकाकरण केंद्र हैं। इसमें 4058 सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन लगाई जा रही है। 121 प्राइवेट अस्पतालों में टीकाकरण हो रहा है। लखनऊ में 91 केंद्रों पर टीकाकरण हो रहा है। जिसमें 61 सरकारी व 30 प्राइवेट अस्पताल शामिल हैं।
18 से अधिक उम्र के 50% का टीकाकरण
राजधानी में 18 से अधिक उम्र के करीब 50 प्रतिशत आबादी को वैक्सीन लग चुकी है। लखनऊ में अब तक 2358815 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ की आबादी करीब 53 लाख है। इसमें 27 लाख 74 हजार पुरुष व 25 लाख 43 हजार महिलाएं हैं। 18 से अधिक उम्र के लोगों की आबादी करीब 40 लाख है। अभी 18 साल से कम उम्र के लोगों का टीककरण शुरू नहीं हुआ है। इससे अधिक उम्र के 23 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इस लिहाजा से 50 प्रतिशत से अधिक आबादी कवर हो चुकी है। इसमें करीब 1781010 लाख लोगों को पहली डोज लगी। जबकि 577805 को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है।




