आजमगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ को 143 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें 31 परियोजाओं का लोकार्पण और 19 का शिलान्यास शामिल है। शहर के आईटीआई कॉलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने आजमगढ़ के साथ न्याय नहीं किया। कहा कि सात साल पूर्व यहां की क्या स्थिति थी, इसपर अब चर्चा करने की जरूरत नहीं है। अब नए उत्तर प्रदेश का नया आजमगढ़ विकास के सुपथ पर अग्रसर है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जो प्रतिभा आजमगढ़ में थी, वो राजनीति की संकीर्ण विचाराधारा के चलते आगे नहीं पहुंच सकी थी। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब पहचान उत्तर प्रदेश स्तर पर होगी। पूर्व की सरकारों पर इशारों में तंज कसते हुए कहा कि एक समय था कि जब आजमगढ़ के नौजवानों को दूसरे शहरों में होटल तक नहीं मिलता था। लेकिन आज यहां के लोगों ने यह धारणा बदल दी है। यहां के नौजवान एक नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी क्षेत्रों को आगे बढ़ाने का काम किया। आजमगढ़ में भले हमारे सांसद और विधायक न हों लेकिन हमने आजमगढ़ को उपेक्षित नहीं किया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बना। यहां किसी को प्रधानमंत्री तो किसी को मुख्यमंत्री आवास योजना का फायदा मिला है।
