आपदा काल में लोगों की मदद का सराहनीय काम कर रहे साथियों का प्रदेश अध्यक्ष ने बढ़ाया हौसला, बोले- ज्यादा से ज्यादा लोगों तक मदद पहुंचाई जाए।

लखनऊ कोरोना को हराने के लिए प्रदेश में आम आदमी पार्टी के फ्रंटल संगठन पूरी ताकत से मैदान में उतर गए हैं। कोई मास्क और दवाओं का वितरण करने में जुटा है तो कोई मरीजों को अस्पताल पहुंचाने का काम कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराने को लेकर परेशान लोगों का पंजीकरण कराने से लेकर जरूरतमंद तक भोजन के पैकेट पहुंचाने का काम पार्टी के साथी कर रहे हैं। जगह-जगह नदी घाटों पर मुफ्त लकड़ी मुहैया कराने का काम भी चल रहा है। रविवार को ये बातें आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहीं।
आपदा काल में लोगों की मदद का सराहनीय काम कर रहे साथियों का प्रदेश अध्यक्ष ने हौसला बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी के साथी कोशिश करें कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने साथियों के जज्बे की तारीफ करते हुए बताया कि यूथ विंग प्रदेश अध्यक्ष फैसल वारसी के नेतृत्व में सभी जिलों में जरूरतमंदों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के साथ सुखा राशन और भोजन मुहैया कराने में जुटी हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष फैसल वारसी ने खुद सैकड़ों लोगों को ऑक्सीजन, ऑक्सीमीटर और भाप लेने के लिए स्टीम मशीन बांटी है और राशन भी बांट रहे हैं। वहीं, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव की अगुवाई में ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन रजिस्ट्रेशन में लोगों की मदद कर रही है। इसी तरह अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष शकील मलिक के साथ उनकी टीम लोगों को सूखा राशन वितरण के साथ जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था कर रही है। साथ ही लोगों को मास्क और भाप लेने वाली मशीन भी बांटे जा रहे हैं।
अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की तरफ से गरीबों के लिए अंतिम संस्कार हेतु लकड़ियां भी दी जा रही हैं। इसी कड़ी में छात्र युवा संघर्ष समिति प्रदेश अध्यक्ष वंशराज दुबे और उनकी पूरी टीम सभी जिलों में लोगों के वैक्सीनेशन रजिस्ट्रेशन में मदद करने के साथ भोजन वितरण कर रही है। साथ ही लोगों को जागरूक करते हुए मास्क वितरण व जरूरतमंदों के लिए दवाइयों की व्यवस्था भी करा रही है। सभाजीत सिंह ने पार्टी के सेवा संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए सभी साथियों की सराहना की। कहा कि वर्तमान आपदा से हम इसी सेवा संकल्प के सहारे लड़कर इस पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। इसलिए बिना किसी भेदभाव के हमें हर जरूरतमंद की मदद करनी है।




