
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वृंदावन में करीब 5 घंटा 10 मिनट रहेंगे। इस दौरान वह कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वृंदावन पहुंचकर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वह स्वामी ज्ञानानंद के आश्रम के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री यहां संतों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक में भाग होंगे। मुख्यमंत्री तीर्थनगरी में करीब साढ़े पांच घंटे रहेंगे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिसबल तैनात किया गया है।
सुबह 11. 37 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर वृंदावन स्थित पवनहंस हेलीपैड पर उतरा। यहां से कार में सवार होकर मुख्यमंत्री योगी बांकेबिहारी मंदिर के लिए रवाना हुए। मंदिर में योगी आदित्यनाथ ने बांकेबिहारी दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर ठाकुरजी का आशीर्वाद लिया। यहां लगभग 15 मिनट रुकने के बाद मुख्यमंत्री योगी स्वामी ज्ञानानंद के आश्रम रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के आगमन के चलते एक घंटा पहले ही मंदिर में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया। इससे बांकेबिहारी मंदिर के आसपास गलियों में भक्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। मुख्यमंत्री के जाने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश दिया गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मंदिर परिसर में मौजूद रहे। मंदिर के आसपास बंदरों के उत्पात को देखते हुए लूंगर तैनात किए गए।


