Breaking बागपत

नरेश टिकैत बोले- आंदोलन तोड़ने के लिए रची गई साजिश, हमारा आंदोलन जारी रहेगा

बागपत. गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड में हिंसा के बाद भारतीय किसान यूनियन अध्यक्ष सिसौली लौट चुके हैं। इससे पहले उन्होंने बागपत में कहा कि शांतिपूर्ण किसान आंदोलन को तोड़ने के लिए साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। टिकैत ने कहा कि लाल किले पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आखिर किसानों के नाम पर कुछ लोग कैसे पहुंचे। उन्होंने कहा कि सीधे-सादे किसानों को तो दिल्ली के रास्ते के बारे में नहीं पता। उन्हें साजिस के तहत गुमराह करते हुए वहां ले जाया गया था।

दिल्ली में हिंसा के बाद पुलिस की कार्रवाई पर नरेश टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस फेल हो गई हैं। उन्होंने किसान से अपील करते हुए कहा कि इस साजिशों से किसान कतई न घबराएं, हमारा आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में किसान ने जान गंवाई है, लेकिन सरकार का कुछ नुकसान नहीं हुआ है। रैली में शामिल होने गए किसानों के ट्रैक्टरों को तोड़ दिया गया है। उन्होंने मृतक किसान के परिजनों को एक करोड़ और किसानों की संपत्ति के नुकसान के लिए भी मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि आंदोलन के खिलाफ साजिश रची गई। किसान किसी भी कीमत पर मोर्चा नहीं छोड़ेंगे।