Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

Lucknow : शिवा शर्मा मौत केस में इंफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे 10 दिन की न्यायिक हिरासत में, भेजी गई जेल

लखनऊ(अमित श्रीवास्तव ,विशेष संवाददाता ):हजरतगंज के चर्चित कैफे कारोबारी शिवा शर्मा मौत मामले में मुख्य आरोपी इंफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे को लेकर सबसे बड़ी खबर आ रही है। लखनऊ कोर्ट ने श्रद्धा दुबे को 10 दिन की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में भेज दिया है।

कोर्ट में क्या हुआ?

नागपुर से ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाई गई श्रद्धा दुबे को आज कड़ी सुरक्षा के बीच हजरतगंज थाने से कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने उसे 10 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

आदेश के बाद श्रद्धा को लखनऊ की जिला जेल भेज दिया गया है।

10 दिन की न्यायिक हिरासत का मतलब क्या है?

इसका सीधा मतलब है कि श्रद्धा अब अगले 10 दिन तक जेल में ही रहेगी।

1. पुलिस लॉकअप से जेल: अब वो हजरतगंज थाने के लॉकअप में नहीं, बल्कि जेल की बैरक में रहेगी।
2. पूछताछ पर रोक: इस दौरान पुलिस उससे सीधे पूछताछ नहीं कर सकती। अगर पुलिस को और पूछताछ करनी है तो दोबारा कोर्ट में अर्जी लगाकर पुलिस कस्टडी रिमांड लेनी पड़ेगी।
3. जमानत की कोशिश: इन 10 दिनों के अंदर ही श्रद्धा के वकील कोर्ट में जमानत याचिका (Bail Application) दाखिल करेंगे।

अब तक केस में क्या-क्या हुआ?

आपको बता दें, 9 अक्टूबर की रात को हजरतगंज के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से शिवा शर्मा की गिरकर मौत हो गई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे पर हत्या का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई थी।

FIR के बाद से ही श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश फरार थे। 20 अक्टूबर को नागपुर पुलिस ने 250 से ज्यादा CCTV कैमरों की मदद से तीनों को DP रोड, सोमलवाड़ा के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया था। नागपुर कोर्ट ने 24 अक्टूबर तक का ट्रांजिट रिमांड दिया था, जिसके बाद उसे लखनऊ लाया गया।

आगे क्या?

10 दिन बाद श्रद्धा की फिर से कोर्ट में पेशी होगी। तब तक पुलिस अपनी चार्जशीट तैयार करने के लिए CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को मजबूत करेगी।