Breaking उत्तर प्रदेश मेरठ लखनऊ

मेरठ से वेस्ट यूपी की सियासी कमान संभालेंगे नितिन नवीन: BJP अध्यक्ष का पहला दौरा, 24 घंटे में 6 बैठकें; 2 हजार युवाओं से सीधा संवाद

मेरठ(राजू ,स्टेट हेड ): पश्चिमी यूपी की सियासी जमीन पर संगठन को और मजबूत करने के लिए बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को मेरठ और सहारनपुर के दौरे पर रहेंगे। मेरठ में उनका यह पहला दौरा होगा। खास बात यह है कि 21 सितंबर को वह एक ही दिन में चार अहम बैठकें करेंगे और रात में मेरठ में ही प्रवास करेंगे। अगले दिन सहारनपुर में दो बैठकें प्रस्तावित हैं।
इस दौरे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मेरठ पहुंचेंगे। बीजेपी ने नितिन नवीन के दौरे को लेकर सुभारती यूनिवर्सिटी से लेकर ब्रावुरा रिसोर्ट तक व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

2 हजार युवाओं से सीधे संवाद करेंगे नितिन नवीन

नितिन नवीन के कार्यक्रम का सबसे खास हिस्सा सुभारती यूनिवर्सिटी के मांग्ल्य प्रेक्षागृह में होने वाला जेन-जी संवाद होगा। 21 सितंबर सुबह करीब 11 बजे प्रस्तावित इस कार्यक्रम में करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे बातचीत करेंगे।
संवाद में एआई, शिक्षा, महंगाई और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम का प्रारूप भी अलग रखा गया है। मंच पर केवल नितिन नवीन होंगे और सामने युवा। पार्टी कार्यकर्ताओं या अन्य नेताओं की भूमिका सीमित रहेगी। कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम् गायन से होगी और परिसर में रंगोली भी सजाई जाएगी।

4800 शक्ति केंद्र संयोजकों को देंगे संगठन का मंत्र

युवा संवाद के बाद नितिन नवीन सुभारती यूनिवर्सिटी के मैदान में पहुंचेंगे। यहां पश्चिम क्षेत्र के 19 संगठनात्मक जिलों और 71 विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े करीब 4,800 शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों की बैठक होगी।

मंच पर नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री योगी

आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहेंगे। प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। बैठक में आगामी चुनावी तैयारियों, संगठन की सक्रियता और बूथ स्तर पर मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए जाने की तैयारी है।

जर्मन हैंगर में 5 हजार लोगों की व्यवस्था 

बैठक के लिए यूनिवर्सिटी के मैदान में जर्मन हैंगर से बड़ा पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसमें करीब 5 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। मंच करीब छह फीट ऊंचा बनाया जा रहा है। मंच के पीछे मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए अलग-अलग सेफ हाउस तैयार किए जा रहे हैं। पंडाल में गर्मी और बारिश से बचाव के लिए 50 से अधिक कूलर-पंखे लगाए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों के लिए सोफे की तीन पंक्तियां रहेंगी। कार्यक्रम स्थल पर चाय-नाश्ते के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

ब्रावुरा में दो बैठकें, यहीं रात रुकेंगे नितिन नवीन

सुभारती यूनिवर्सिटी के कार्यक्रमों के बाद नितिन नवीन ब्रावुरा रिसोर्ट पहुंचेंगे, जहां दो और बैठकें प्रस्तावित हैं। इसके बाद उनके यहीं रात्रि प्रवास की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरएएफ गेस्ट हाउस में रुकने की संभावना है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने शनिवार को गेस्ट हाउस का निरीक्षण भी किया।

नितिन नवीन के शंकराश्रम, माधवकुंज और बाबा औघड़नाथ मंदिर जाने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि ये कार्यक्रम अभी अंतिम रूप से तय नहीं हैं। रात्रि प्रवास के दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों, बीजेपी के पुराने नेताओं और एनडीए के घटक दलों, खासकर रालोद के प्रतिनिधियों से मुलाकात की संभावना भी है।

सहारनपुर में मां शाकुंभरी के दर्शन

22 सितंबर की सुबह नितिन नवीन सड़क मार्ग से सहारनपुर जाएंगे। सिवाया टोल पर मेरठ की टीम उनके काफिले का स्वागत करेगी। सहारनपुर में वह मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करने के बाद दो संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे।

पूरे दौरे को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। कार्यक्रम में आने वाले कार्यकर्ताओं को आईकार्ड के जरिए ही प्रवेश मिलेगा। करीब 100 बसों और 300 से अधिक चार पहिया वाहनों के पहुंचने की तैयारी है। एनएच-58 पर वीआईपी मूवमेंट और भीड़ के दौरान यातायात को नियंत्रित करने की व्यवस्था भी की जा रही है।