उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सम्भावित भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने इस सम्बन्ध में प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री जी के भ्रमण के दौरान आयोजित किए जाने वाले महिला सम्मेलन की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री जी ने बी0एल0डब्ल्यू0 का दौरा कर प्रधानमंत्री जी के सम्भावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के आवागमन की समुचित व्यवस्था के साथ ही, वाहनों की पार्किंग, पेयजल आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित रहे। कार्यक्रम स्थल के साथ ही, पूरे शहर में बेहतर स्वच्छता रखी जाए। स्ट्रीट डॉग एवं निराश्रित पशुओं को आश्रय स्थलों में रखा जाए। स्ट्रीट वेण्डरों का समुचित व्यवस्थापन सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने पर बल देते हुए रूट डाइवर्जन की बेहतर व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए, जिससे आम जनमानस को कोई परेशानी न होने पाए। बैठक में मुख्यमंत्री जी को प्रधानमंत्री जी के सम्भावित कार्यक्रम के दौरान लोकार्पित एवं शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं की जानकारी दी गयी।
मुख्यमंत्री जी ने रोप-वे परियोजना की प्रगति की समीक्षा भी की तथा रोप-वे के कार्यों को तीव्र गति से कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंजारी में निर्माणाधीन अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराते हुए इसे शीघ्र पूर्ण कराएं। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि आगामी जुलाई माह के प्रथम सप्ताह तक स्टेडियम का निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जायेगा। मुख्यमंत्री जी ने मणिकर्णिका घाट एवं दालमण्डी सड़क चौड़ीकरण कार्यों में तेजी लाते हुए इन्हें गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराए जाने के निर्देश भी दिए।
बैठक के उपरान्त मुख्यमंत्री जी ने श्री कालभैरव मन्दिर एवं श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर में दर्शन-पूजन किया। श्री काल भैरव मन्दिर के दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री जी ने माला-फूल बेचने वाली दुकान पर बैठी दुकानदार की बेटियों को दुलारा। उन्होंने बेटियों के स्कूल जाने के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की तथा खूब पढ़ने का आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री जी ने बेटियों के परिजन से भी संवाद किया।





