उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने रिजर्व पुलिस लाइन्स में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयन्ती ‘पराक्रम दिवस’ के अवसर पर आपातकालीन स्थिति से बचाव एवं जागरूकता हेतु आयोजित ‘ब्लैकआउट मॉकड्रिल’ का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से पूरा देश आज भारत माता के महान सपूत एवं स्वाधीनता आन्दोलन के महानायक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की पावन जयन्ती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मना रहा है। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने आजादी के आन्दोलन में हम सभी को नेशन फर्स्ट का भाव दिया था। उन्होंने भारत की स्वाधीनता के लिए आजाद हिन्द फौज का गठन किया था तथा भारत की नारी शक्ति की सामर्थ्य को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए रानी लक्ष्मीबाई ब्रिगेड गठित की थी। भारत की आजादी के लिए नेताजी ने देश व विदेश में जो योगदान दिया, उसके लिए हर भारतवासी उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता है और एक ‘राष्ट्रनायक’ के रूप में उन्हें सम्मान देता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नेताजी के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश नागरिक सुरक्षा संगठन की ओर से इस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया है। यह मॉकड्रिल हम सभी को सम और विषम परिस्थितियों के साथ युद्धकाल व शान्तिकाल, आपदा या आकस्मिक दुर्घटना के प्रति हमेशा तैयार रहने के लिए प्रेरित करती है। आज यहां आयोजित मॉलड्रिल की तरह सभी जनपदों में भी मॉकड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मॉकड्रिल अच्छा प्रयास है। इस प्रकार की मॉकड्रिल का निरन्तर अभ्यास करते रहना चाहिए, क्योंकि किसी घटना, दुर्घटना के होने पर एन0डी0आर0एफ0, एस0डी0आर0एफ0 इत्यादि के पहुंचने से पूर्व लोगों की मदद के लिए वहां पर नागरिक सुरक्षा से जुड़े स्वयंसेवक व आपदा मित्र खड़े होते हैं। समाज के सहयोग से हम जनहानि व धनहानि को न्यूनतम करने में सफल हो सकते हैं। इसलिए ऐसी मॉकड्रिल नियमित प्रैक्टिस का हिस्सा बननी चाहिए। जब कोई संकट आ जाए, तभी हम तैयार हां, तो सफलता नहीं मिलेगी। हमें सामान्य जीवन में भी इसके लिए हमेशा तैयार रहना होगा।
फर्स्ट रिस्पॉण्डर के रूप में नागरिक सुरक्षा संगठन की भूमिका निर्विवाद रूप से लोगों ने स्वीकार की है। इसके महत्व को ध्यान में रखकर प्रदेश सरकार ने सभी 75 जनपदों में नागरिक सुरक्षा संगठन का गठन किया है। सभी जनपदों में अब नागरिक सुरक्षा संगठन में भर्ती प्रक्रिया पूर्णता की ओर बढ़ रही है। सायरन लग चुके हैं।
अब नागरिक सुरक्षा संगठन केवल शान्तिकाल में पर्व और त्योहारों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आपदा प्रबन्धन, दुर्घटनाओं को रोकने, दुर्घटना पीड़ित को समय से प्राथमिक उपचार देने सहित किसी बड़े आयोजन में ट्रैफिक व्यवस्था के सुचारू संचालन तथा युद्धकाल में नागरिक समाज की व्यवस्था को सम्भालने जैसे कार्यां को सम्पादित करने का कार्य भी करता है। ‘गोल्डेन आवर’ की व्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। हम अपने देश व समाज के प्रति सोचें और उस सोच को आगे बढ़ाते हुए सरकार के साथ मिलकर कार्यां को आगे बढ़ाएं। इसी प्रकार कार्यां को आगे बढ़ाने के लिए नागरिक सुरक्षा संगठन से जुड़े स्वयंसेवकों के माध्यम से हम लोग इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में एस0डी0आर0एफ0 के माध्यम से भी आपदा मित्रों की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। आपदा मित्र के रूप में जो स्वयंसेवक कार्य करेंगे, उन्हें उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती में हम प्राथमिकता देंगे। वर्तमान में 45,000 होमगार्ड्स भर्ती प्रक्रिया चल रही है। नवचयनित होमगार्ड्स को आपदा मित्र के रूप में भी प्रशिक्षित किया जाए, जिससे वे फर्स्ट रिस्पॉण्डर के रूप में कार्य कर रहे नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों का सहयोग कर सकें।




