Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

Lucknow : विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की परिकल्पना को साकार करने में गांवों की सबसे अहम भूमिका : मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की परिकल्पना को साकार करने में गांवों की भूमिका सबसे अहम है। भारत की आत्मा गांवों में बसती है। अगर गांव समृद्ध और आत्मनिर्भर होंगे, तो प्रदेश भी आत्मनिर्भर बनेगा। जब प्रदेश आत्मनिर्भर होगा तो विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प पूरा होने से कोई नहीं रोक सकता।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के लगभग 57 हजार ग्राम प्रधानों व सदस्यों से संवाद कर रहे थे। यह संवाद नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री जी ने ग्राम प्रधानों को विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047 के संकल्पों से परिचित कराते हुए इसे जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधानों को विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047 अभियान के बारे में जानकारी प्रदान करने वाली एक वीडियो फ़िल्म भी दिखाई गई। क्यू0आर0 कोड तथा समर्थ पोर्टल के माध्यम से सुझाव देने के तरीके से भी अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 की दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। जब देश की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होंगे, तब भारत को विश्व की सबसे बड़ी शक्ति के रूप में स्थापित करना हम सभी का साझा लक्ष्य है। इस महान लक्ष्य की प्राप्ति में ग्राम पंचायतों और ग्राम प्रधानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। आजादी के अमृतकाल के लिए प्रधानमंत्री जी ने ’पंच प्रण’ लिए हैं। हर नागरिक इनको अपने जीवन में उतारे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का स्पष्ट संदेश है कि यदि गांव सशक्त होंगे तो भारत सशक्त होगा और यदि भारत सशक्त होगा तो वैश्विक मंच पर उसका नेतृत्व सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री जी ने अतीत और वर्तमान की तुलना करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पिछड़ेपन और अव्यवस्था के बोझ तले दबा हुआ था। किसान कठिन परिस्थितियों में परिश्रम करते थे, लेकिन सिंचाई, तकनीक और विपणन की सुविधाएँ सीमित थीं। बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतें अधूरी थीं। युवाओं के पास रोजगार के अवसर नहीं थे। भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और भेदभाव सरकारी व्यवस्थाओं में गहराई तक जकड़े हुए थे। पलायन की पीड़ा आम परिवारों को झेलनी पड़ती थी और गरीबी के कारण बच्चों की असमय मृत्यु होती थीं। विगत 08 वर्षों में प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।
प्रधानमंत्री जी के ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र ने उत्तर प्रदेश की दिशा और दशा को नई पहचान दी है। आज उत्तर प्रदेश सुशासन, बेहतर कानून-व्यवस्था, स्थिरता और शांति का पर्याय बन चुका है। विगत 08 वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 13 लाख करोड़ रुपये से 35 लाख करोड़ रुपए हो गई है। प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 01 लाख 20 हजार रुपये हो गई है। इन 08 वर्षों में ’नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ का निर्माण हुआ है। अगले 04 वर्षों में उत्तर प्रदेश देश में नम्बर एक प्रदेश होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तय किया गया है। इसमें तीन प्रमुख थीम रखी गई हैं। अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति। अर्थ शक्ति के अंतर्गत कृषि, उद्योग, निवेश और पर्यटन को नई गति दी जाएगी। सृजन शक्ति के तहत आधुनिक बुनियादी ढाँचा और हरित विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। वहीं जीवन शक्ति का लक्ष्य एक स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण करना है। इसके तहत 12 सेक्टर निर्धारित किये गए हैं। इन लक्ष्यों की प्राप्ति में ग्राम प्रधानों की भूमिका सबसे अहम है, क्योंकि लोकतंत्र की प्रथम पंक्ति के प्रतिनिधि होने के नाते वे ही इस महाअभियान के सच्चे शिल्पकार और अग्रिम सेनानी हैं। आपके सुझावों के आधार पर एक विस्तृत विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाएगा, जो आगामी 22 वर्षों में विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा और रोडमैप तय करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने ग्राम प्रधानों से आह्वान किया कि वे अपनी पंचायत की बैठकों में विकसित उत्तर प्रदेश के इस अभियान पर चर्चा करें। गांव-गांव, वॉर्ड-वॉर्ड और मोहल्लों में लोगों को जोड़ें और समर्थ पोर्टल पर अधिक से अधिक सुझाव दिलाएँ। ग्राम प्रधानों को भेजे गए पत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसे पंचायत की खुली बैठक में जरूर पढ़ें। प्रत्येक जनपद के 03 और प्रदेश स्तर पर 05 सर्वोत्तम सुझावों को पुरस्कृत किया जाएगा। आने वाली पीढियां आपके सुझावों पर गर्व करेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब करोड़ों लोगों की ऊर्जा इस यात्रा से जुड़ेगी, तब विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना एक विराट जन-आंदोलन के रूप में साकार होगा। उन्होंने ग्राम प्रधानों से आग्रह किया कि वे ग्रामोदय से राष्ट्रोदय की राह पर आगे बढ़ें। विकसित भारत-2047 के स्वप्न को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के गाँव अब सिर्फ बदलाव की उम्मीद नहीं कर रहे, बल्कि बदलाव की जीती-जागती मिसाल बन गए हैं।
विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047 संवाद श्रृंखला में मुख्यमंत्री जी से हुए संवाद में ग्राम प्रधानों ने बताया कि विगत 08 वर्षों में जिस विकास को उन्होंने देखा, वह कभी सिर्फ एक सपना था। आज वही सपना हकीकत बनकर गाँव-गाँव में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भर रहा है।
जनपद श्रावस्ती के इकौना विकास खण्ड की ग्राम पंचायत टड़वा महंत के प्रधान श्री शिवकुमार राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के इस अभियान से पूरा गांव जुड़ गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी अगले दिन उनके गांव आ रहे हैं और हर घर में उल्लास का माहौल है।
जनपद कौशाम्बी के मंझनपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत उखैया खास की प्रधान श्रीमती सीमा निर्मल ने बताया कि गांव में स्वयं सहायता समूहों ने महिलाओं की जिंदगी बदल दी है। पंचायत की बैठकों का संचालन वह स्वयं करती हैं और बी0सी0 सखी गांव-गांव जाकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं।
जनपद बरेली के बिथरी चैनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत भरतौल की प्रधान श्रीमती प्रवेश ने कहा कि उनके गांव में सबसे पहले मॉडल राशन की दुकान खोली गई थी। आज भरतौल मॉडल ग्राम के रूप में जाना जाता है। गांव की महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार काम कर रही हैं।
जनपद अलीगढ़ के गोण्डा ब्लॉक की ग्राम पंचायत तलेसरा के प्रधान श्री गजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री जी को अपने गांव की ऐतिहासिक विरासत से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनके गांव से 13 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जुड़े हैं और उनकी स्मृति में स्टेडियम व अमृत सरोवर बने हैं। साथ ही, ग्राम सचिवालय, बैंक्वेट हॉल और स्कूल में स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मौजूद हैं।
जनपद अयोध्या के सोहावल विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सनाहा की प्रधान श्रीमती रीना पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी द्वारा संचालित सभी योजनाएं उनके गांव में लागू हैं। उन्होंने विशेष रूप से कूड़ा निस्तारण व्यवस्था का उल्लेख किया, जिस पर मुख्यमंत्री जी ने इसे विकसित यू0पी0 की ठोस नींव बताया।
जनपद बांदा के बड़ोखर खुर्द ब्लॉक की ग्राम पंचायत दुरेड़ी के प्रधान श्री देवीदयाल सिंह ने बताया कि उनकी पंचायत को मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना के तहत 36 लाख रुपये का पुरस्कार मिला है। पंचायत के सभी 08 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित हैं। उन्होंने विकसित उत्तर प्रदेश के तीन आयाम-अर्थ शक्ति, जीवन शक्ति और सृजन शक्ति के बारे में भी मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया।
जनपद शाहजहाँपुर की भवालखेड़ा ग्राम पंचायत के प्रधान श्री जय प्रकाश ने कहा कि उनके गांव को दो बार मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार मिला है। उन्होंने गांव में स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों की जानकारी दी और कहा कि इन समूहों ने गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। ग्राम प्रधान ने मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया कि वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने उनके गांव के विकास में बड़ा योगदान किया है।
जनपद रामपुर के चमरौआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोयला के प्रधान श्री भूकन लाल ने बताया कि उनकी पंचायत की आबादी 7,700 है और हर परिवार तक विकास पहुंचाने के लिए योजनाएं लागू की जा रही हैं। गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, इण्टर कॉलेज, बैंक, डाकखाना और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने कूड़ा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था की जानकारी भी मुख्यमंत्री जी को दी।
मुख्यमंत्री जी ने ग्राम प्रधानों की सक्रियता और जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि यही प्रयास विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047 के लक्ष्य को पूरा करने की वास्तविक शक्ति है। इन सभी संवादों ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश के गांव अब आत्मनिर्भरता, स्वच्छता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की नई कहानियां लिख रहे हैं।