Breaking मेरठ लखनऊ

Meerut : मेरठ में पुलिस और बदमाशों के बीच गोलाबारी में दरोगा को लगी गोली, गजियाबाद रेफर

मेरठ ( DNM NETWORK): कार लूटकर भाग रहे बदमाशों की आज तड़के पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई गोलाबारी में एक दरोगा को गोली लगी जिससे वो बुरी तरह से घायल हो गया है। दरोगा मुनीश कुमार कंकरखेड़ा हाईवे चौकी इंचार्ज हैं। उनको गंभीर हालत में गजियाबाद में भर्ती कराया गया है। जहां चौकी इंचार्ज की हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक आज तड़के कंकरखेड़ा क्षेत्र में हाईवे चौकी के पास बने मंडप में तीन बदमाश एक कार चोरी कर रहे थे। चौकी इंचार्ज मुनीश कुमार को घटना की जानकारी हुई तो वो मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे इस दौरान चौकी इंचार्ज ने अपनी टीम के साथ बदमाशों का पीछा शुरू किया। बदमाश लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में घुस गए। बदमाशों के पीछे लगे चौकी इंचार्ज ने वायरलेस पर अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। जिस पर बदमाशों की घेराबंदी के लिए कई थानों का फोर्स रवाना हो गया। अपने को पुलिस से घिरा देख बदमाश गोली चलाने लगे। पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली चौकी इंचार्ज मुनीश कुमार के सीने में लगी और वो घायल हो गए। बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घायल चौकी इंचार्ज को अस्पताल में भर्ती कराया है। एसएसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि बदमाशों की पहचान हो गई है। पुलिस ने जिले की नाकाबंदी की है। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।