उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के महासमर को फतह करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक और चुनावी बिसात जमीन पर बिछानी तेज कर दी है। लोकसभा चुनाव 2024 में लगे सियासी झटके से सबक लेते हुए पार्टी नेतृत्व अब 2027 की चुनावी जंग से पहले संगठन की कमजोरियों को दूर करने, नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने और क्षेत्रवार जातीय व सियासी समीकरणों को साधने में पूरी ताकत से जुट गया है। इसी महाअभियान की अगली कड़ी में बीजेपी आगामी 16 और 17 नवंबर को कृष्ण नगरी मथुरा में ब्रज क्षेत्र की एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी संगठनात्मक बैठक आयोजित करने जा रही है।
मथुरा में होने वाली इस दो दिवसीय बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उनके चारों सह प्रभारी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक विशेष रूप से शामिल होंगे। इनके अलावा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, महेंद्र सिंह और जेपीएस राठौर भी इस मंथन का हिस्सा बनेंगे। बैठक में संघ से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे, और इस दौरान यूपी बीजेपी की कोर कमेटी की एक विशेष बैठक भी मथुरा में आयोजित की जाएगी।
बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव को केवल सरकार के कामकाज या योजनाओं के भरोसे नहीं छोड़ना चाहती है। पार्टी की शीर्ष प्राथमिकता संगठन, सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ जमीनी कार्यकर्ताओं की नाराजगी को पूरी तरह खत्म करना है। लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों से मिले अनुभव के बाद बीजेपी अब हर क्षेत्र का अलग-अलग फीडबैक लेकर अपनी चुनावी रणनीति में जरूरी बदलाव कर रही है। मथुरा की यह बैठक इसी बड़े सियासी रोडमैप का एक निर्णायक पड़ाव मानी जा रही है, जिससे मिशन 2027 की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
सुमित श्रीवास्तव की रिपोर्ट




