नई दिल्ली : कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में भारत ने रविवार को बड़ी कामयाबी हासिल की। भारत ने दो अरब वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार कर लिया है। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा कोरोना के खिलाफ 16 जनवरी 2021 से वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। पीएम मोदी ने 2 बिलियन वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार करने पर ट्वीट कर देशवासियों को बधाई दी है।
केंद्र सरकार द्वारा कोरोना के खिलाफ बड़े पैमाने पर छेड़ी गई जंग का असर ऐसा है कि भारत ने 548 दिनों में 200 करोड़ कोरोना वैक्सीन डोज देकर इतिहास रच दिया। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि यह दिन हमेशा याद रहेगा। बीते दिन सरकार ने देशभर में 25,59,840 कोरोना वैक्सीन डोज लगाई है।
कोरोना वैक्सीनेशन के मामले में उत्तर प्रदेश ने इतिहास रच दिया है। प्रदेश में अब तक 34 करोड़ 42 लाख 14 हजार से अधिक डोज लगाई जा चुकी है। यहां 17 करोड़ 59 लाख से अधिक लोगों ने पहली डोज जबकि 16 करोड़ 43 लाख से अधिक लोगों ने दूसरी डोज ली है। वहीं, लक्षद्वीप में वैक्सीन की सबसे कम एक लाख 25 हजार 210 डोज लगी है। यहां 61 हजार से अधिक लोगों को पहली जबकि 59 हजार से अधिक लोगों को दूसरी डोज लगी है
केंद्र की मोदी सरकार ने लोगों को कोरोना के खिलाफ सुरक्षा कवच देने के लिए 15 जुलाई से नया अभियान शुरू किया है। इसके तहत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को सरकारी केंद्रों पर मुफ्त में Booster Dose लगाई जाएगी। यह आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 75 दिन का ‘कोरोना टीकाकरण अमृत महोत्सव’ अभियान है।