Breaking उत्तर प्रदेश रामपुर

Rampur Accident : हाईवे पर ट्रक और डबल डेकर बस की भीषण टक्कर,बस चालक समेत छह लोगों की मौत,मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। हादसे में बस चालक और हेल्पर समेत छह लोगों की मौत हो गई है। जबकि 44 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर देर रात भीषण हादसा हो गया। यात्रियों से भरी डबल डेकर बस और ट्रक की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 44 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर पुलिस अधीक्षक समेत तमाम पुलिस एवं प्रशासनिक अफसर पहुंच गए। पुलिसकर्मी बस में फंसे सभी लोगों को निकालने जुट गए। जिसके बाद एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसा रात करीब साढ़े 11 से 12 बजे के बीच सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कोसी पुल से मंसूरपुर बाईपास पर हुआ। यात्रियों से भरी डबल डेकर बस शाहजहांपुर से दिल्ली जा रही थी। जबकि दिल्ली की तरफ से एक ट्रक बरेली की तरफ जा रहा था। पुलिस के अनुसार बस ओवरटेक कर रही थी कि सामने आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंच गई और बस में फंसे यात्रियों को निकालने का काम शुरू हुआ। कुछ देर बाद एंबुलेंस भी आ गई।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद रामपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के निर्देश दिए हैं