दूसरे चरण में 9 जिलों की 55 सीटों पर मतदान होने हैं। इसके लिए शुक्रवार को सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, अमरोहा, शाहजहांपुर व बदायूं में राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं व स्टार प्रचारकों ने अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए ताबड़तोड़ सभाएं कीं। पीएम मोदी ने कासगंज के पटियाली में जनसभा की तो अमित शाह बरेली में थे। सीएम योगी ने कासगंज के अलावा शाजहांपुर व बदायूं में जनसभाएं कीं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, केशव प्रसाद मौर्य व अन्य नेता भी ताबड़तोड़ जनसभाएं कर मतदाताओं से संपर्क में जुटे रहे। दूसरी तरफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर में चुनावी सभा की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वर्चुअल रैली कर अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।
पोलिंग पार्टियां रविवार को रवाना की जाएंगी। जिन जिलों में चुनाव होने हैं उसमें सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर, बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर जिले शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 800 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बल की तैनाती होगी।




