Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

Lucknow News : देश बचाना है तो भाजपा को हराएं : ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यूपी की जनता से सपा के पक्ष में वोट देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए भाजपा को हराना होगा। यह बड़ी लड़ाई है। यूपी में सपा ही विकल्प है। उन्होंने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत-चीन युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के लिए लता ने गाना गाया। मै उसी कुर्बानी को याद करती हूं। यूपी का इतिहास बड़ा है। स्वतंत्रता के बाद से ज्यादातर प्रधानमंत्री यूपी से ही बनें। अगर भाजपा यूपी में हारी तो पूरे देश से चली जाएगी इसलिए यूपी के लोग एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ वोट करें। हिन्दुस्तान को बचाना है तो यूपी को बचाना होगा। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं गंगा सागर मेला करती हूं। वहां यूपी के लोग आते हैं। हम किसी से उसकी जाति नहीं पूछते हैं। सभी हिंदुस्तानी हैं।उन्होंने कहा कि आज (मंगलवार) को भाजपा का मैनीफेस्टो (घोषणा पत्र) आया है। यह मनी फेस्टो है। उन्होंने हाथरस में क्या किया? महिलाओं और बेटियों के साथ क्या किया? पहले माफी मांगो फिर वोट मांगो। मालदा में यूपी की लाश मिली। उसे हमने उठवाया और अंतिम संस्कार कराया। जब कोविड से यूपी में लोग मर रहे थे तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुझे हराने के लिए बंगाल में प्रचार कर रहे थे।
ममता बनर्जी ने कहा कि भारत सरकार ने यूपी को सबसे ज्यादा धन दिया फिर भी यूपी का विकास नहीं हो पाया। यूपी के लोग सबसे ज्यादा टैक्स देते हैं। ये रुपया सरकार का नहीं जनता का होता है फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्यों कहते हैं कि उन्होंने गरीबों को धन दिया। पीएम केयर्स में सरकारी कर्मचारियों से पैसा लिया गया लेकिन उसका हिसाब नहीं दिया गया। इसका कोई ऑडिट नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि कोराना काल में लोगों की जान गई। लोगों की रास्ते में मौत हो गई। एनआरसी हुई उसमें मौतें हुईं। किसान आंदोलन में मौतें हुईं। इन सभी के परिजनों को रेलवे में नौकरी मिलनी चाहिए। ममता ने कहा कि उन्नाव, हाथरस, एनआरसी का आंदोलन लोग भूले नहीं हैं। भाजपा ने देश बांटने का काम किया है। रेलवे स्टेशनों का नाम बदल रहे हैं। यह देश बंट रहे हैं। बाबा साहब अम्बेडकर का संविधान बदलने का प्रयास कर रहे हैं।