लखनऊ:भारतीय जनता पार्टी ने रविवार रात अपने प्रत्याशियों की एक और सूची जारी कर दी है। भाजपा ने वही बीस प्रतिशत टिकटों में बदलाव के फार्मूले को आगे बढ़ाते हुए 45 और प्रत्याशियों की घोषणा की है। अमेठी से संजय सिंह को उनकी पहली पत्नी व विधायक गरिमा सिंह के स्थान पर मैदान में उतारा है तो पति-पत्नी के बीच खींचतान में लखनऊ की सरोजनीनगर से किनारे की गईं मंत्री स्वाति सिंह के पति दयाशंकर सिंह को पार्टी ने बलिया नगर से टिकट थमा दिया है। इस सीट से विधायक व योगी सरकार के मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला को अब बैरिया से उम्मीदवार बनाया गया है। बलिया के बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह का टिकट कट गया है। इस सूची में भाजपा ने नौ विधायकों के टिकट बदले हैं। भाजपा के प्रत्याशियों की सूची में सात महिलाए भी हैं। 







