शामली -उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 10 फरवरी को पहले चरण का मतदान होना है। इसके लिए सभी पार्टियों ने प्रत्याशियों का भी एलान कर दिया है। राजनीतिक उठापठक के बीच चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी जारी है। इन सबके साथ नेताओं की बयानबाजी और गुटबाजी भी अब सामने आने लगी है। गृहमंत्री अमित शाह कैराना में हैं। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से भाजपा उम्मीदवार मृगांका सिंह के लिए वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने लोगों को सरकार के किए कामों के बारे में भी बताया। घर-घर जाकर चुनाव आयोग ने प्रचार की अनुमति दी है। इस दौरान केवल पांच लोग जा सकते हैं, लेकिन शाह के प्रचार के दौरान भारी भीड़ देखी गई। 


