आगरा एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है। शिक्षक सीट पर प्रथम वरीयता वोटों में निर्दलीय आकाश अग्रवाल आगे रहे। स्नातक सीट पर अब तक हुई मतगणना में सपा प्रत्याशी डॉ असीम यादव आगे चल रहे हैं। दूसरों सीट पर भाजपा पिछड़ी है।
विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक और स्नातक सीट निर्वाचन (एमएलसी चुनाव) की मतगणना शुक्रवार को भी जारी है। शिक्षक सीट पर प्रथम वरीयता की वोटों की गिनती में निर्दलीय प्रत्याशी आकाश अग्रवाल आगे रहे। दूसरे स्थान पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश कुमार वशिष्ठ हैं। वहीं, स्नातक सीट पर प्रथम चक्र की मतगणना पूरी हो गई है। इसमें समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी असीम यादव पहले और भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह दूसरे स्थान पर रहे। स्नातक सीट का चुनाव परिणाम आज रात तक आ सकता है।
शाहदरा स्थित मंडी परिसर में चल रही मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। शिक्षक सीट पर प्रथम वरीयता के लिए दो चक्रों की मतगणना का परिणाम रात 10 बजे आया। इसमें निर्दलीय आकाश अग्रवाल 2113 वोटों से आगे रहे। दूसरे स्थान पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश कुमार वशिष्ठ रहे। कोई प्रत्याशी कुल मतों के 50 फीसदी मत जीतने के लिए प्राप्त नहीं कर सका। ऐसे में द्वितीय वरीयता और फिर तृतीय वरीयता मतों के आधार पर नतीजा तय होगा।
आगरा खंड स्नातक सीट पर वोटों की गिनती गुरुवार को शुरू तक नहीं हो पाई। रात 12 बजे तक मतपत्रों के बंडल ही बन पाए। 29 राउंड में मतगणना होगी। नतीजा शुक्रवार की रात तक आने की संभावना है। स्नातक सीट पर 398 मतदेय स्थल थे। ऐसे में प्रत्येक मतदेय स्थल की मतपेटियों को खोलकर पहले 25-25 मतपत्रों के बंडल बनाए गए। यहां कुल 22 प्रत्याशी हैं।




