Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

Weather Update: यूपी में आज दिनभर बादल छाए, भारी बारिश का अलर्ट जारी

डीएनएम न्यूज़ नेटवर्क
डीएनएम न्यूज़ नेटवर्क

मानसून की ट्रफ रेखा दक्षिण की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी के चलते मेरठ सहित उत्तर भारत के मौसम में बदलाव होने लगा है। सुबह से मेरठ में बादल छाए रहे। मेरठ सहित वेस्ट यूपी में आज से अगले दो-तीन दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। मेरठ में नौ अगस्त से बारिश नहीं हुई है। मौसम में बदलाव से दिन-रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिक डॉ.एन सुभाष के अनुसार गुरुवार को मेरठ में दिन का तापमान 35.8 और रात में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मोदीपुरम केंद्र पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार के सापेक्ष दिन के तापमान में 1.3 और रात में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। बावजूद इसके दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ। एयर क्वालिटी इंडेक्स 115 रहा जो संतोषजनक स्थिति में है। डॉ. सुभाष के अनुसार 21-22 अगस्त को अच्छी बारिश की संभावना है।

मेरठ में सुबह हिली धरती, सहमे लोग

गुरुवार को मेरठ में सुबह के वक्त भूकंप से धरती हिल गई। भारतीय समयानुसार सुबह सात बजकर तीन मिनट 54 सेकेंड मेरठ में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र मेरठ रहा और रिक्टर स्केल पर तीव्रता 2.7 दर्ज की गई। गहराई दस किमी रही। हालांकि भूकंप से कोई नुकसान दर्ज नहीं किया। रिक्टर स्केल पर तीन तीव्रता वाले भूकंप के प्रतिदिन करीब आठ हजार झटके महसूस किए जाते हैं। अधिकांश समय यह झटके महसूस नहीं हो पाते।