
Narendra Modi Cabinet Reshuffle– नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले मंत्रिमंडल विस्तार में उत्तर प्रदेश का खासा ख्याल रखा गया है। अगले साल यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए उत्तर प्रदेश के 7 चेहरों को मोदी मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है। सभी को केंद्रीय राज्यमंत्री बनाया गया है। इनमें पंकज चौधरी, अनुप्रिया पटेल, भानु प्रताप वर्मा, कौशल किशोर, एसपी सिंह बघेल, बीएल वर्मा और अजय मिश्रा के नाम हैं। बुधवार शाम को सभी ने मंत्रीपद की शपथ ली। कुल 43 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।
लिस्ट में पंकज चौधरी महाराजगंज से, एसपी सिंह बघेल आगरा से और भानु प्रताप वर्मा जालौन से सांसद हैं। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल को मंत्रि परिषद में जगह मिली है। कौशल किशोर मोहनलालगंज से सांसद हैं। हाल ही में भाजपा ने इन्हें उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। अजय मिश्रा उर्फ टेनी खीरी से सांसद हैं। बीएल वर्मा राज्यसभा सांसद हैं और यूपी में भाजपा उपाध्यक्ष हैं।