
अयोध्या. उत्तर प्रदेश पुलिस के अमानवीय चेहरे को लेकर अक्सर किस्से सुनने को मिलते हैं। अयोध्या में एक बार फिर इस तरह का किस्सा सामने आया है जहां पीड़ित महिलाओं ने उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग (UP State Women’s Commission) अयोध्या पुलिस को लेकर शिकायतें की हैं। यूपी राज्य महिला आयोग की सदस्य इंद्रवास सिंह ने जिले में महिलाओं की फरीयाद सुनी। इस दौरान एक महिला ने उन्हें अयोध्या पुलिस की क्रूर हरकत के बारे में अवगत कराया। तारुन थाना क्षेत्र के सराय शेख महबूब निवासी रेखा वर्मा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रेखा का आरोप है कि तारुन पुलिस ने उनसे 36 बार उठक-बैठक करवाई। उनके साथ मारपीट भी की गई।

पीड़ित महिला का कहना है कि पेड़ काटने के आरोप में पुलिस उसे थाने लेकर गई थी। वहां उनके साथ मारपीट की गई, इतना ही नहीं उनसे 36 बार उठक-बैठक भी करवाया गया। यह सुनकर राज्य महिला आयोग की सदस्य इंद्रवास सिंह ने एसओ तारुन को फोन कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और वह तारुन पुलिस को सरकार के सामने पेश करेंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस को यह अधिकार नहीं है कि किसी महिला से इस तरह का व्यवहार किया जाए। अगर अयोध्या जनपद में इस तरह की शिकायत आ रही है तो यह गंभीर मामला है।
इंद्रावास सिंह ने अन्य महिलाओं की भी शिकायतें सुनी। उन्होंने संबंधित थानों की पुलिस को फोन कर उनसे महिलाओं द्वारा की गई शिकायतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने फरियादी महिलाओं को भरोसा दिया कि उनके साथ न्याय किया जाएगा।



