Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

लखनऊ में होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 साल की समरीन की मौत, साथ ठहरे युवक पर हत्या की FIR, CCTV में भागता दिखा

लखनऊ (अमित श्रीवास्तव ,विशेष संवाददाता ):राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के ओमेक्स न्यू हजरतगंज स्थित होटल सेलेस्टियल मैनर में सोमवार 12 अक्टूबर 2026 को संदिग्ध हालात में 24 वर्षीय युवती समरीन की मौत हो गई। युवती 10वीं मंजिल के कमरा नंबर 1037 की बालकनी से नीचे गिर गई थी। घटना के बाद उसके साथ होटल में ठहरा युवक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मृतका की बहन शीबा खान की तहरीर पर सुल्तानपुर निवासी अवनीश जायसवाल उर्फ देव के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।

कैसे हुई घटना

पुलिस और होटल रजिस्टर के मुताबिक, समरीन और अवनीश सोमवार सुबह 11:46 बजे होटल में आए थे। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने शाम 6:34 बजे पुलिस को सूचना दी कि एक युवती नीचे गिर गई है।

CCTV फुटेज में दिखा है कि समरीन के गिरने के तुरंत बाद अवनीश लिफ्ट से बेसमेंट में आया और बाइक से फरार हो गया। उसने न तो होटल स्टाफ को सूचना दी और न ही एम्बुलेंस बुलाई।

परिवार के गंभीर आरोप

मृतका समरीन लखनऊ के चौक क्षेत्र के हाता सूरत सिंह, चौपटिया की रहने वाली थी। उसकी मां सूफिया बानो और बहन शीबा ने आरोप लगाया है:

1. अवनीश ने इंस्टाग्राम पर ‘देव’ नाम से फर्जी ID बना रखी थी, वहीं से दोनों की पहचान हुई थी।
2. वह समरीन को अकबरी गेट से बहला-फुसलाकर कार में बैठाकर होटल ले गया था।
3. होटल में शादी को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद अवनीश ने मारपीट कर उसे 10वीं मंजिल से धक्का दे दिया।
4. परिवार ने बताया दोपहर 3 बजे समरीन ने बहन को फोन पर कहा था कि “देव मुझे बाहर नहीं निकलने दे रहा है, मेरी लोकेशन पर कैब बुक कर दो” इसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया।

परिवार ने यह भी बताया कि समरीन का 6 साल पहले निकाह हुआ था, 3 साल पहले पति से अलगाव हो गया था और तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है। सोमवार को ही उसकी पेशी थी, लेकिन वह कपड़े खरीदने के बहाने घर से निकली थी।

पुलिस क्या कह रही है

DCP साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने बताया, “हमें सूचना मिली थी कि युवती गिर गई है। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश के लिए 2 टीमें लगाई गई हैं, CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।”

पुलिस सूत्रों के मुताबिक समरीन के गले पर लाल निशान और शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिसकी जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी। आरोपी सुल्तानपुर में परिवार के साथ बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता है।