Breaking उत्तर प्रदेश उन्नाव

उन्नाव पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने19 परियोजनाओं का लोकार्पण 82 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

उन्नाव (रामा शंकर,संवाददाता ) : उन्नाव पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 570 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के शासनकाल का माफिया राज उन्हें रामायण काल के खर-दूषण, मारीच और सुबाहु की याद दिलाता है। वहीं उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल करने और लखनऊ से कानपुर तक रैपिड रेल परियोजना का भी बड़ा ऐलान किया। उन्नाव के भगवंत नगर विधानसभा में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत माता की जय और गंगा मैया के जयघोष के साथ अपना संबोधन शुरू किया। मंच से उन्होंने 570 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए जिले को विकास की नई सौगात दीं।

सीएम योगी ने कहा कि उन्नाव आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और क्रांतिकारी विरासत की धरती है। उन्होंने वीर गुलाब सिंह लोधी, प्रताप नारायण मिश्र, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला समेत जिले की महान विभूतियों को नमन किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सबसे ज्यादा जोर विकास और कनेक्टिविटी पर दिया। उन्होंने कहा कि उन्नाव अब लखनऊ और कानपुर के बीच का जिला भर नहीं रहेगा बल्कि प्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। सीएम ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस वे, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर जैसी योजनाओं से यहां रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन यानी एससीआर का हिस्सा बनाया गया है। उनका कहना था कि अब लखनऊ का विकास केवल हजरतगंज तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि उन्नाव होते हुए कानपुर तक पहुंचेगा। इसी क्रम में लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल परियोजना पर भी काम शुरू करने की तैयारी की जा रही है। विकास के मुद्दों के साथ मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने गरीबों, किसानों और युवाओं की चिंता कभी नहीं की। योगी ने कहा कि कांग्रेस के लिए केवल नेहरू-गांधी परिवार और समाजवादी पार्टी के लिए सिर्फ एक परिवार ही महत्वपूर्ण रहा।

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश माफिया, दंगों और अपराध के लिए जाना जाता था। योगी ने कहा कि जब वह उस दौर को देखते हैं तो उन्हें रामायण काल की याद आती है।”माफिया के कारनामों को मैं देखता हूं तो मुझे रामायण याद आने लगती है कि रामायण काल में खर-दूषण, मारीच और सुबाहु ऐसे रहे होंगे जैसे सपा और कांग्रेस के समय में माफिया राज था।”

महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नया उत्तर प्रदेश महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और पुरानी व्यवस्था को जनता भलीभांति याद रखे हुए है।”जब समाजवादी पार्टी की चर्चा होती है तो लोग कहते हैं – देख सपाई बिटिया घबराई, यही तो होता था प्रदेश में।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत और नया उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उन्नाव के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और डबल इंजन सरकार जिले के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।570 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल होने का ऐलान, रैपिड रेल का प्रस्ताव और विपक्ष पर तीखे हमले… उन्नाव की धरती से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास और राजनीति दोनों का बड़ा संदेश देने की कोशिश की।